Edited By Anil Kapoor,Updated: 28 Jun, 2025 07:33 AM

UP Desk: बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर म्यूजिक वीडियो 'कांटा लगा' से रातों-रात मशहूर हुईं शेफाली जरीवाला का निधन हो गया है। वे सिर्फ 42 साल की थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके...
UP Desk: बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर म्यूजिक वीडियो 'कांटा लगा' से रातों-रात मशहूर हुईं शेफाली जरीवाला का निधन हो गया है। वे सिर्फ 42 साल की थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कहां और कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना मुंबई के अंधेरी (लोखंडवाला) इलाके की है, जहां शेफाली अपने पति पराग त्यागी के साथ रहती थीं। बताया गया है कि सुबह करीब 11 बजे शेफाली को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। पराग उन्हें तुरंत पास के बेलेव्यू अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें Dead on Arrival (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु) घोषित कर दिया।
अस्पताल और मीडिया की पुष्टि
फिल्म इंडस्ट्री के वरिष्ठ पत्रकार विकी लालवानी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके शेफाली के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर विजय लुल्ला से बात करने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टर ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। वहीं, एक अन्य डॉक्टर डॉ. सुशांत ने अभिनेत्री के निधन की पुष्टि की। शेफाली का शव अब कूपर अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
कौन थीं शेफाली जरीवाला?
शेफाली जरीवाला का जन्म अहमदाबाद (गुजरात) में हुआ था। साल 2002 में आए सुपरहिट रीमिक्स गाने 'कांटा लगा' से उन्हें जबरदस्त पहचान मिली। इस गाने के बाद वे 'कांटा लगा गर्ल' के नाम से जानी जाने लगीं। गाने को लेकर कुछ विवाद भी हुए, लेकिन शेफाली की लोकप्रियता पर इसका असर नहीं पड़ा। उन्होंने टीवी रियलिटी शो बिग बॉस 13 में हिस्सा लिया और वहां भी खूब सुर्खियाँ बटोरीं।
फैन्स और सितारों में शोक की लहर
शेफाली जरीवाला के अचानक निधन की खबर से उनके फैन्स और इंडस्ट्री में गहरा शोक है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनकी यादों को साझा कर रहे हैं। कई सेलेब्स ने भी उनके निधन पर दुख जताया है।