Edited By Anil Kapoor,Updated: 02 Feb, 2026 07:32 AM

Noida News: नोएडा के पर्थला पुल पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अश्लील इशारे करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार......
Noida News: नोएडा के पर्थला पुल पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अश्लील इशारे करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार सवार दो युवक सड़क पर चल रही महिलाओं की गाड़ी के पास आकर आपत्तिजनक इशारे कर रहे थे और उनका पीछा कर रहे थे। इस दौरान महिलाएं डर के कारण अपनी कार से बाहर नहीं निकलीं और खुद को असुरक्षित महसूस करती रहीं।
वीडियो से हुई पहचान, पुलिस ने दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही थाना फेज-3 पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी:
- अमित कुमार, मूल निवासी आजमगढ़ (वर्तमान पता: जेवीएस सोसायटी, सेक्टर-135, थाना एक्सप्रेसवे, नोएडा)
- अभिषेक, मूल निवासी कस्बा कुशमाहा, थाना किसली, जिला मैनपुरी (वर्तमान पता: जेवीएस सोसायटी, सेक्टर-135, नोएडा)
कार भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों की कार एमजी हेक्टर (UP 75 AH 3565) को भी जब्त कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वायरल वीडियो को भी सबूत के रूप में केस में शामिल किया गया है।
महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठा सवाल
इस घटना ने नोएडा में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि अगर ऐसी कोई घटना सामने आए तो तुरंत स्थानीय पुलिस या हेल्पलाइन पर सूचना दें। यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए निगरानी और कड़ी कानून व्यवस्था कितनी जरूरी है।