Edited By Purnima Singh,Updated: 21 Feb, 2026 01:02 PM

सहारनपुर के कोतवाली मंडी क्षेत्र के गोशाला रोड स्थित रामलीला भवन में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गोली लगने से भाजपा के मानकमऊ मंडल महामंत्री शिवचरण रोहिला (50) की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के बेटे ने...
सहारनपुर: कोतवाली मंडी क्षेत्र के गोशाला रोड स्थित रामलीला भवन में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गोली लगने से भाजपा के मानकमऊ मंडल महामंत्री शिवचरण रोहिला (50) की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के बेटे ने इसे साजिश के तहत हत्या बताते हुए आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
भाजपा नेता के सीने में उतारी गोली
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार रात शिवचरण रोहिला नवीन उपाध्याय के बेटे की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। समारोह के दौरान डीजे पर डांस चल रहा था। इसी बीच नवीन उपाध्याय के रिश्तेदार रोहित उपाध्याय (निवासी सरस्वती विहार, थानाभवन, जिला शामली) हाथ में पिस्टल लेकर डांस कर रहा था। तभी फायरिंग हुई और एक गोली शिवचरण रोहिला के सीने में जा लगी।
हर्ष फायरिंग पर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समारोह में दो बार हवाई फायरिंग होने की चर्चा है, जिसका डीजे की तेज आवाज के कारण तत्काल पता नहीं चल सका। तीसरी गोली शिवचरण रोहिला को लगी। इस बात को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि हवाई फायरिंग के दौरान गोली सीधे सीने में कैसे लगी। पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : कार बनी कातिल! बाइक सवार दो सगे भाइयों को कुचला, दोंनों की मौके पर मौत, हंसते-खेलते परिवार में पसरा मातम....
अस्पताल में मृत घोषित
गोली लगते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और अन्य लोग शिवचरण रोहिला को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेटे ने लगाया साजिश का आरोप
मृतक के बेटे हर्षित रोहिला ने कोतवाली मंडी में तहरीर देकर आरोपी रोहित उपाध्याय पर जानबूझकर और साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि नवीन उपाध्याय उनके पिता के परिचित हैं। हर्षित के अनुसार, उनके पिता गार्डों की नौकरी लगवाने का काम करते थे और भाजपा में मानकमऊ मंडल के महामंत्री पद पर कार्यरत थे।
यह भी पढ़ें : UP में नाबालिग दलित छात्रा से गैंगरेप, 5 दरिंदों ने नोचा जिस्म, हालत जान कांप जाएगी रूह; दो आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल और एएसपी मनोज कुमार यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी रोहित उपाध्याय को बाबा लालदास मंदिर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुई है।
शिवचरण रोहिला का परिचय
शिवचरण रोहिला मूल रूप से रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव चंदनपुर के निवासी थे। वह पिछले करीब 20 वर्षों से थाना सदर बाजार क्षेत्र में नवादा रोड स्थित कमल विहार (जाली वाली फैक्टरी) में किराये पर रह रहे थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए महापौर डॉ. अजय कुमार और पूर्व महापौर संजीव वालिया चंदनपुर गांव पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।