Edited By Anil Kapoor,Updated: 19 Feb, 2026 12:00 PM

Auraiya News: खुशियों भरा सफर कब मातम में बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक डस्टर कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इस दुखद घटना में कार सवार एक महिला और....
Auraiya News: खुशियों भरा सफर कब मातम में बदल जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक डस्टर कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। इस दुखद घटना में कार सवार एक महिला और दो पुरुषों की डूबने से मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
घटना बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास स्थित तुर्कपुर गांव की है। इटावा जिले के भरथना निवासी तीन लोग दिबियापुर में एक बारात में शामिल होने आए थे। मंगलवार देर रात जब वे शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार डस्टर कार अचानक बेकाबू हो गई और सीधे नहर में जा पलटी।
रेस्क्यू में देरी और दर्दनाक मौत
हादसा इतना भीषण था कि कार पानी में पूरी तरह उल्टी हो गई, जिससे उसके पहिए ऊपर की ओर दिखने लगे। सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने कार को इस हालत में देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड और क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को पानी से बाहर निकाला गया। कार के अंदर फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
जिलाधिकारी ने बताया कि मृतक भरथना के रहने वाले थे। परिजनों को इस भीषण हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में कल तक शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।