Edited By Anil Kapoor,Updated: 14 Feb, 2026 10:48 AM

Mathura News: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सत्ताधारी दल के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। मथुरा के नंदगांव में बीते शुक्रवार देर रात भाजपा नेता और पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी दान बिहारी उर्फ दानो नेता पर जानलेवा हमला......
Mathura News: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब सत्ताधारी दल के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। मथुरा के नंदगांव में बीते शुक्रवार देर रात भाजपा नेता और पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी दान बिहारी उर्फ दानो नेता पर जानलेवा हमला हुआ। लगभग 35-40 हमलावरों ने उनके घर को घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग की। गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मारपीट में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
चुनावी रंजिश या वर्चस्व की जंग?
दान बिहारी ने पिछले नगर पंचायत चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की थी। बताया जा रहा है कि तभी से नंदगांव के ही कुछ गुटों से उनका विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते शुक्रवार रात बदमाशों ने उनके घर पर धावा बोल दिया।
घर में घुसकर तांडव और कुल्हाड़ी से प्रहार
हमलावरों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि उन्होंने न सिर्फ गोलियां चलाईं, बल्कि घर के अंदर घुसकर महिलाओं और पुरुषों के साथ बर्बरता से मारपीट की। बदमाशों ने दान बिहारी को निशाना बनाकर 4 राउंड फायरिंग की, जिससे उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी दान बिहारी की थार समेत तीन लग्जरी गाड़ियों को कुल्हाड़ियों से काट डाला। गाड़ियों की हालत देखकर हमले की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हमले में कुलदीप और श्याम समेत 4 लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है। कोतवाली बरसाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस की कई टीमें हमलावरों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही है।