Edited By Anil Kapoor,Updated: 08 Feb, 2026 10:25 AM

Muzaffarnagar News: शहर में शनिवार सुबह एक बैंड-बाजा टीम के दो सदस्यों के बीच सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में दोनों लोग बीच सड़क पर एक-दूसरे को पकड़कर गिराते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि...
Muzaffarnagar News: शहर में शनिवार सुबह एक बैंड-बाजा टीम के दो सदस्यों के बीच सड़क पर हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो में दोनों लोग बीच सड़क पर एक-दूसरे को पकड़कर गिराते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद उनके साथी उन्हें अलग कराने की कोशिश करते नजर आते हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। एक बैंड टीम किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही थी। इसी दौरान नगर कोतवाली क्षेत्र के शिव चौक के पास किसी बात को लेकर टीम के दो “मास्टर” (बैंड लीडर) के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई।
राहगीर ने बनाया वीडियो
मौके पर मौजूद एक राहगीर ने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। यही वीडियो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की चलती रहती है और टीम के अन्य सदस्य काफी मशक्कत के बाद उन्हें अलग करते हैं।
पास में पुलिस चौकी, फिर भी नहीं मिली शिकायत
जहां यह घटना हुई, उसी इलाके में पुलिस चौकी भी मौजूद है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत या औपचारिक सूचना उन्हें नहीं मिली है। इसलिए पुलिस की ओर से फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रत्यक्षदर्शी ने क्या कहा?
घटना के चश्मदीद कार्तिक जौहरी के अनुसार, वह सुबह उस रास्ते से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने बैंड टीम के लोगों को आपस में झगड़ते देखा। उनके मुताबिक, कुछ ही देर में साथियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करा दिया। झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो सका। फिलहाल वीडियो के आधार पर चर्चा जरूर हो रही है, लेकिन आधिकारिक शिकायत न होने के कारण मामला आपसी विवाद मानकर शांत हो गया बताया जा रहा है।