Edited By Purnima Singh,Updated: 07 Feb, 2026 05:12 PM

कीमती धातुओं के बाजार में पिछले एक हफ्ते से जबरदस्त भूचाल देखने को मिल रहा है। रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद चांदी की कीमतों में ऐसी तेज गिरावट आई है, जिसने निवेशकों और कारोबारियों दोनों को चौंका दिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) और इंडिया बुलियन...
Silver Price Crash: कीमती धातुओं के बाजार में पिछले एक हफ्ते से जबरदस्त भूचाल देखने को मिल रहा है। रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद चांदी की कीमतों में ऐसी तेज गिरावट आई है, जिसने निवेशकों और कारोबारियों दोनों को चौंका दिया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) और इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, चांदी अपने ऑल-टाइम हाई से करीब आधी तक टूट चुकी है और फिलहाल भारी दबाव में कारोबार कर रही है।
रिकॉर्ड बनाने के बाद बदला बाजार का रुख
MCX पर 29 जनवरी को चांदी ने 4,20,000 रुपये प्रति किलोग्राम का ऐतिहासिक स्तर छुआ था। हालांकि इसके ठीक अगले दिन से बाजार का रुख पलट गया। 30 जनवरी से चांदी की कीमतों में तेज गिरावट शुरू हुई और लगातार तीन कारोबारी सत्रों तक कमजोरी दर्ज की गई। बीच में दो दिनों तक मामूली तेजी जरूर आई, लेकिन 5 फरवरी से एक बार फिर बिकवाली हावी हो गई, जो 6 फरवरी तक जारी रही।\
यह भी पढ़ें : होमवर्क न करने पर 10 साल के मासूम को मारे 105 डंडे! बेरहम टीचर ने दी ‘तालिबानी’ सजा, गहरे चोट के निशान देख कांप गए घरवाले
MCX पर सात सत्रों के निचले स्तर पर चांदी
शुक्रवार 6 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे MCX पर चांदी फिसलकर सात कारोबारी सत्रों के निचले स्तर 2,29,187 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। इस तरह 29 जनवरी के रिकॉर्ड हाई की तुलना में चांदी करीब 1,90,000 रुपये सस्ती हो चुकी है। इस दौरान चांदी करीब 3 प्रतिशत या 7,315 रुपये टूटकर 2,36,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई, जबकि दिन का उच्च स्तर 2,43,277 रुपये रहा।
IBJA रेट्स में भी बड़ी गिरावट
IBJA के ताजा आंकड़े भी चांदी की कमजोरी की पुष्टि कर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर 12 बजे जारी रेट्स के मुताबिक, चांदी 2,41,184 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज की गई, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 2,52,232 रुपये थी। यानी एक ही दिन में करीब 11,048 रुपये की गिरावट आई। गौरतलब है कि 29 जनवरी को IBJA रेट्स पर चांदी ने 3,79,988 रुपये प्रति किलोग्राम का ऑल-टाइम हाई बनाया था, जहां से अब तक इसमें करीब 1,38,800 रुपये की गिरावट आ चुकी है।
यह भी पढ़ें : बुझ गया फिल्म इंडस्ट्री का चमकता सितारा, दिग्गज एक्टर ने 55 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, दुनियाभर में शोक और मायूसी...
25 फरवरी तक जारी रह सकता है दबाव
कमोडिटी मार्केट एक्सपर्ट और केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, चांदी में मौजूदा गिरावट अभी थमने के संकेत नहीं दे रही है। उन्होंने बताया कि 17 फरवरी से चीन में लूनर न्यू ईयर की शुरुआत हो रही है, जो करीब 25 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान चीन में बाजार और फैक्ट्रियां बड़े पैमाने पर बंद रहती हैं, जिससे कमोडिटी डिमांड में तेज कमी आती है। चूंकि चांदी की वैश्विक मांग में चीन की अहम भूमिका है, ऐसे में कीमतों पर और दबाव बढ़ सकता है। उनका अनुमान है कि आने वाले दिनों में चांदी 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर से नीचे भी जा सकती है।
निवेशकों और कारोबारियों में बढ़ी सतर्कता
लगातार गिरती कीमतों के चलते चांदी में निवेश करने वाले निवेशक, ज्वैलर्स और थोक बाजार से जुड़े कारोबारी फिलहाल सतर्क नजर आ रहे हैं। अगर यह गिरावट आगे भी जारी रहती है, तो इसका असर न सिर्फ ट्रेडिंग गतिविधियों पर बल्कि ज्वेलरी की मांग पर भी साफ तौर पर देखने को मिल सकता है।