Edited By Anil Kapoor,Updated: 07 Feb, 2026 12:39 PM

Hapur News: हापुड़ में 2 फरवरी की रात एक कैंसर पीड़ित महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने जांच में खुलासा किया कि महिला के पति राहुल शर्मा ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश......
Hapur News: हापुड़ में 2 फरवरी की रात एक कैंसर पीड़ित महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने जांच में खुलासा किया कि महिला के पति राहुल शर्मा ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची थी। मामले में पति समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दो चाकू भी बरामद किए गए हैं।
घटना का खुलासा
पुलिस के अनुसार यह वारदात थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर रुस्तमपुर में हुई। शुरुआती तौर पर हत्या को चोरी का दिखाने की कोशिश की गई थी। लेकिन पुलिस की जांच में पूरा मामला सामने आया। जांच में पता चला कि राहुल शर्मा, अपनी पत्नी रीता शर्मा से परेशान था। रीता कैंसर से पीड़ित थीं और इलाज में खर्च बढ़ रहा था। घरेलू कलह और खर्च को लेकर दोनों में विवाद चलता रहता था। राहुल ने पत्नी से छुटकारा पाने के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी अपने दो कर्मचारियों शेर अली (शेरा) और फिरोज को दी।
हत्या की वारदात
2 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे राहुल के घर तीनों आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पहले कंबल से महिला का मुंह दबाया गया और फिर दो चाकुओं से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना को चोरी का रूप देने के लिए घर का सामान इधर-उधर फेंक दिया गया। वारदात के वक्त महिला की सास घर में मौजूद थीं, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी।
आरोपी का चालाकी भरा बचाव
हत्या के बाद राहुल ने खुद को बचाने के लिए गांव नानई में एक शादी समारोह में शामिल होकर फोटो खिंचवाई और फिर बिजनौर के चांदपुर चले गए। अगले दिन सुबह घर लौटकर उन्होंने परिजनों को झूठ बोलकर कहा कि घर में लूटपाट और पत्नी की हत्या हो गई।
पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और कॉल रिकॉर्ड की जांच के बाद पूरी साजिश का पर्दाफाश किया। राहुल और उसके साथियों की बातचीत में इस्तेमाल “साड़ी के पैसे” नाम का कोड वर्ड भी सामने आया। इसके आधार पर शेरा और फिरोज को गिरफ्तार कर लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि राहुल ने हत्या की योजना पहले से बना रखी थी। दोनों साथियों से पूछताछ में यह भी पता चला कि हत्या में प्रयुक्त दो चाकू उनके पास ही थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।