Edited By Anil Kapoor,Updated: 09 Mar, 2026 09:43 AM

Hatras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने समाज और व्यवस्था दोनों को सन्न कर दिया है। जहां एक 9 साल की मासूम बच्ची के साथ खेल-खेल में ऐसी दरिंदगी की गई कि सुनने वालों की रूह कांप जाए। इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले...
Hatras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने समाज और व्यवस्था दोनों को सन्न कर दिया है। जहां एक 9 साल की मासूम बच्ची के साथ खेल-खेल में ऐसी दरिंदगी की गई कि सुनने वालों की रूह कांप जाए। इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि गांव के ही 10 और 12 साल के दो नाबालिग लड़के हैं।
खेत में बुलाकर रची गई खौफनाक साजिश
घटना 6 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे की है। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली मासूम बच्ची घास लेने के लिए पास के जंगल की ओर गई थी। तभी रास्ते में उसे गांव के ही दो लड़के मिले। उन्होंने बच्ची को बेर खिलाने का लालच दिया और उसे बहला-फूसलाकर पास के एक सुनसान खेत में ले गए।
हैवानियत का शिकार बनी मासूम
पीड़िता की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, खेत में पहुंचते ही दोनों लड़कों की नीयत बदल गई। आरोप है कि 10 साल के लड़के ने मासूम बच्ची के हाथ मजबूती से पकड़ लिए, जबकि 12 साल के लड़के ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद डरी-सहमी बच्ची किसी तरह अपने घर पहुँची और रोते हुए अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई।
गैंगरेप और पॉक्सो के तहत केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) के मुताबिक, दोनों आरोपी लड़कों के खिलाफ BNS की धारा 70-1 (सामूहिक बलात्कार) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं (5/6) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। शनिवार देर शाम दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहाँ से उन्हें हाथरस के किशोर सुधार गृह भेज दिया गया है।
समाज के लिए गहरी चिंता का विषय
यह घटना ना केवल कानून-व्यवस्था बल्कि समाज के लिए भी एक बड़ा सवाल है कि इतनी कम उम्र के बच्चों में इस कदर की आपराधिक मानसिकता कहां से आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।