Edited By Pooja Gill,Updated: 09 Mar, 2026 02:58 PM

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रिसौली गांव स्थित एक सरकारी स्कूल में बच्चों से सामूहिक रूप से नमाज पढ़वाने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सामने आने के बाद हंगामा हो...
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रिसौली गांव स्थित एक सरकारी स्कूल में बच्चों से सामूहिक रूप से नमाज पढ़वाने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सामने आने के बाद हंगामा हो गया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। स्कूल में हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, उझानी क्षेत्र के जूनियर हाईस्कूल रिसौली में बीते गुरुवार को बच्चों से सामूहिक रूप से नमाज पढ़वाई गई। आरोप है कि यह व्यवस्था स्कूल के एक पुरुष शिक्षक और एक महिला शिक्षिका ने कराई थी। स्कूल की ही एक अन्य महिला शिक्षिका ने इस मामले की शिकायत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से की है।
बजरंग दल के कार्यकर्ता ने स्कूल पहुंचकर किया विरोध
मामले की जानकारी मिलने के बाद विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि अगर स्कूल में नमाज पढ़ी जाएगी तो वे भी वहीं बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। विहिप के जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो संगठन को धरना-प्रदर्शन करना पड़ेगा।
मामले की होगी जांच
विहिप पदाधिकारियों का आरोप है कि एक महिला और एक पुरुष शिक्षक ने बच्चों से नमाज पढ़वाई। यह भी कहा जा रहा है कि रमजान के महीने में कई बार इस तरह सामूहिक नमाज कराई गई। इसके अलावा गांव में मस्जिद न होने के कारण एक घर में भी सामूहिक नमाज पढ़े जाने की बात सामने आई है। कुछ बच्चों ने यह भी बताया कि अगर वे नमाज पढ़ने का विरोध करते थे तो उन्हें स्कूल से नाम काटने की धमकी दी जाती थी। इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जा रही है।