Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Mar, 2026 01:33 PM

Hapur News: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित एक होटल में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक युवक ने सबके सामने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के प्रधान चिकन होटल में खाना खाने आए एक युवक ने महज 10 सेकंड के भीतर चाकू से अपना गला....
Hapur News: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित एक होटल में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक युवक ने सबके सामने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के प्रधान चिकन होटल में खाना खाने आए एक युवक ने महज 10 सेकंड के भीतर चाकू से अपना गला रेत डाला। यह पूरी रूह कंपा देने वाली घटना होटल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
खाना खाते-खाते अचानक उठाया खौफनाक कदम
मृतक की पहचान बरेली निवासी सलमान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सलमान देर रात होटल में खाना खाने के लिए रुका था। सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी अचानक उसने टेबल पर रखा चाकू उठाया और अपनी गर्दन पर जानलेवा वार कर दिया। गला कटते ही वह खून से लथपथ होकर बाहर की तरफ भागा, लेकिन कुछ ही दूरी पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
होटल में मची अफरा-तफरी, दहशत में आए लोग
होटल में मौजूद ग्राहक और स्टाफ इस खौफनाक नजारे को देखकर सन्न रह गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही गढ़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें युवक खुदकुशी करता साफ नजर आ रहा है।
वजह तलाशने में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, मामला पहली नजर में आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अब इन सवालों के जवाब ढूंढ रही है कि आखिर सलमान ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया? क्या वह किसी मानसिक तनाव में था या कोई पुरानी रंजिश थी? वह बरेली से यहां तक कैसे और किसके साथ पहुंचा था?
वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बरेली में उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही इस रहस्यमयी आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।