Edited By Anil Kapoor,Updated: 26 Feb, 2026 01:54 PM

Viral News: राजस्थान के गोटन उपखंड क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां टालनपुर कस्बे के एक प्राइवेट स्कूल में 5वीं कक्षा की छात्रा दिव्या की प्रार्थना सभा के दौरान अचानक मौत हो गई। डॉक्टरों का मानना है कि बच्ची की जान साइलेंट हार्ट अटैक की...
Viral News: राजस्थान के गोटन उपखंड क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां टालनपुर कस्बे के एक प्राइवेट स्कूल में 5वीं कक्षा की छात्रा दिव्या की प्रार्थना सभा के दौरान अचानक मौत हो गई। डॉक्टरों का मानना है कि बच्ची की जान साइलेंट हार्ट अटैक की वजह से गई है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो दिल दहला देने वाला है।
प्रार्थना की कतार में खड़ी थी, अचानक हो गई अचेत
जानकारी के मुताबिक, टालनपुर निवासी राजेंद्र की 9 वर्षीय पुत्री दिव्या रोज की तरह सुबह 7 बजे स्कूल पहुंची थी। स्कूल में सुबह की प्रार्थना सभा (Assembly) चल रही थी। दिव्या अपनी सहेलियों के साथ कतार में खड़ी थी, तभी अचानक वह पीछे की ओर गिर पड़ी। स्कूल स्टाफ ने तुरंत दौड़कर उसे उठाया और पास के राजकीय चिकित्सालय ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मात्र 7 मिनट में सब खत्म
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि दिव्या बिल्कुल सामान्य खड़ी थी और अचानक वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। गिरने से लेकर अस्पताल पहुंचने के बीच महज 7 मिनट के भीतर उसकी सांसें थम गईं। डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकना (Heart Attack) ही मौत का कारण लग रहा है। परिजनों के आग्रह पर बिना पोस्टमार्टम के शव उन्हें सौंप दिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: 4 महीने में उजड़ गई गोद
दिव्या की मौत ने सिर्फ उसके परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। इस परिवार की त्रासदी यह है कि महज 4 महीने पहले दिव्या के बड़े भाई अभिषेक (16 वर्ष) की भी अचानक इसी तरह मौत हो गई थी। एक ही घर से दो जवान बच्चों के असमय चले जाने से माता-पिता सुध-बुध खो बैठे हैं और गांव में मातम पसरा हुआ है।