Edited By Anil Kapoor,Updated: 08 Mar, 2026 08:31 AM

Sambhal News: उत्तर प्रदेश पुलिस के गलियारों में इन दिनों एक ऐसी प्रेम कहानी की चर्चा है, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। प्रदेश के दो सबसे तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा और कृष्ण कुमार बिश्नोई जल्द ही परिणय सूत्र में बंधने जा रहे...
Sambhal News: उत्तर प्रदेश पुलिस के गलियारों में इन दिनों एक ऐसी प्रेम कहानी की चर्चा है, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। प्रदेश के दो सबसे तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा और कृष्ण कुमार बिश्नोई जल्द ही परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। अपनी सख्त कार्यशैली से अपराधियों के पसीने छुड़ाने वाली यह जोड़ी 29 मार्च को राजस्थान के जोधपुर में सात फेरे लेगी।
गोरखपुर की गलियों से शुरू हुआ सफर
मिली जानकारी के मुताबिक, इस सुनहरी प्रेम कहानी की शुरुआत गोरखपुर से हुई थी। 2018 बैच के आईपीएस केके बिश्नोई वहां एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि 2021 बैच की आईपीएस अंशिका वर्मा वहां एएसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं। साथ काम करते हुए दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और अब यह रिश्ता सात जन्मों के बंधन में बदलने जा रहा है।
कौन हैं लेडी सिंघम अंशिका वर्मा?
प्रयागराज की मूल निवासी अंशिका वर्मा वर्तमान में बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश की पहली वीरांगना यूनिट (2025) बनाई, जिसमें महिला कमांडो को आत्मरक्षा और दंगा नियंत्रण की विशेष ट्रेनिंग दी गई। हत्या और ड्रग्स (NDPS) जैसे गंभीर मामलों में त्वरित खुलासे के कारण जनता उन्हें लेडी सिंघम के नाम से पुकारती है।
CM योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अफसर
राजस्थान के बाड़मेर के रहने वाले केके बिश्नोई वर्तमान में संभल के एसपी हैं। नवंबर 2024 में संभल जामा मस्जिद सर्वे के दौरान भड़की हिंसा को उन्होंने अपनी सूझबूझ से बहुत कम समय में नियंत्रित किया था। उनकी बहादुरी और बेहतर कानून व्यवस्था के लिए साल 2025 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें 'मुख्यमंत्री मेडल' से सम्मानित किया था। संभल में बिजली चोरी और करोड़ों के बीमा घोटाले का पर्दाफाश करने में उनकी अहम भूमिका रही है।
जोधपुर में सजेगी शहनाई
प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बिठाते हुए, यह पावर कपल अब अपने निजी जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहा है। जोधपुर में होने वाले इस विवाह समारोह में यूपी और राजस्थान के कई बड़े प्रशासनिक अधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है। बिश्नोई परिवार अपनी बहू के रूप में अंशिका वर्मा का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है।