Edited By Pooja Gill,Updated: 27 Feb, 2026 03:52 PM

बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती में एक दरिंदे ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी। उसने एक महिला से उसके बच्चों के सामने ही तीन साल तक रेप किया। वो महिला को ब्लैकमेल करता था...
बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती में एक दरिंदे ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी। उसने एक महिला से उसके बच्चों के सामने ही तीन साल तक रेप किया। वो महिला को ब्लैकमेल करता था और फिर उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। बार-बार हो रही हैवानियत से तंग आकर महिला ने आत्महत्या कर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, ब्लैकमेलिंग और शारीरिक शोषण से तंग आकर सुसाइड करने वाली महिला कलवारी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। आरोप है कि गांव के ही रहने वाले अली हुसैन नामक युवक ने करीब तीन साल पहले महिला का आपत्तिजनक वीडियो चोरी-छिपे बना लिया था। जिसके बाद वो इस वीडियो के जरिए महिला को तंग करने लगा। वो महिला को ब्लैकमेल करता था कि उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। यही धमकी देकर वो महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने लगा।
तीन साल तक किया रेप
आरोप है कि महिला का पति रोज़गार के सिलसिले में मुंबई में रहता था, तब आरोपी कई बार घर में घुस आता था। उसके बच्चों के सामने ही वो महिला से रेप करता और मारपीट भी करता था। महिला के दो छोटे बच्चों ने अपने पिता को जो आपबीती बताई, उसने पूरे परिवार को अंदर तक तोड़ दिया। बताया जाता है कि पति को सच्चाई का पता चलने के बाद परिवार गहरे सदमे में चला गया। बदनामी के डर से महिला ने ये खौफनाक कदम उठाया।
आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
इस घटना की जानकारी होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में ब्लैकमेलिंग, रेप और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़े आरोप सामने आए हैं। सबूतों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं, सूचना मिलते ही स्थानीय सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और प्रशासन से मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में कराई जाए, ताकि जल्द न्याय मिल सके।