Edited By Purnima Singh,Updated: 08 Mar, 2026 06:03 PM

कनाडा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भारतीय मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Nancy Grewal की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना कनाडा के LaSalle शहर में मंगलवार शाम हुई। परिवार के मुताबिक अज्ञात हमलावरों ने एक घर के बाहर नैन्सी...
UP News : कनाडा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भारतीय मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Nancy Grewal की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना कनाडा के LaSalle शहर में मंगलवार शाम हुई।
परिवार के मुताबिक अज्ञात हमलावरों ने एक घर के बाहर नैन्सी ग्रेवाल पर हमला किया, जिसमें उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार ने हत्या के पीछे पुराने विवाद और धमकियों को कारण बताया है।
मां ने लगाए गंभीर आरोप
नैन्सी की मां Shinder Pal Grewal ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी बेटी के पेट में कई बार चाकू से वार किया। उन्होंने दावा किया कि हत्या पहले हुए झगड़े के कारण की गई और हमलावरों ने ऐसी जगह हमला किया जहां कोई CCTV कैमरा मौजूद नहीं था। परिवार के अनुसार, नैन्सी एक मरीज से मिलने के लिए लासेल गई थीं। शाम को जैसे ही वह घर से बाहर निकलीं, कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया गया।
पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां
परिवार का कहना है कि नैन्सी को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। उनकी मां के अनुसार लगभग दो महीने पहले उनके घर में आग लगाने की घटना भी हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। वहीं नैन्सी की बहन का कहना है कि 15 दिन पहले ही दोस्त ने इन्फ्लुएंसर को अलर्ट भी किया था।
गुरुद्वारे से जुड़े विवाद का आरोप
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि नैन्सी का काउंटी रोड स्थित एक Gurdwara से जुड़े कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि नैन्सी ने गुरुद्वारे से कथित तौर पर राशन चोरी होने की बात उठाई थी और वहां निगरानी के लिए कैमरे लगाने में मदद की थी। उनकी मां के मुताबिक, नैन्सी ने दबाव के बावजूद माफी मांगने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
सोशल मीडिया पर रहती थीं सक्रिय
नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और अक्सर ऑनलाइन मिलने वाले नकारात्मक कमेंट्स का जवाब देती थीं। हालांकि पिछले तीन महीनों से उन्होंने कोई नया वीडियो पोस्ट नहीं किया था क्योंकि वह अपने पेशेवर काम पर ध्यान दे रही थीं। परिवार के अनुसार, वह पेशे से एक नर्स थीं और कई बार दिन में 16 घंटे तक की शिफ्ट में काम करती थीं।
पुलिस जांच जारी
नैन्सी ग्रेवाल की उम्र 45 वर्ष बताई जा रही है। तलाक के बाद उन्होंने दोबारा शादी नहीं की थी। फिलहाल उनकी बॉडी कनाडा के एक मॉर्चरी में रखी गई है और उनकी मां ने वहां जाकर अंतिम दर्शन करने की बात कही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।