Edited By Ramkesh,Updated: 25 Jun, 2025 08:17 PM

गगहा थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर शादीशुदा और अकेली महिलाओं को झांसा देकर यौन शोषण व गहने लूटने के गंभीर आरोप हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि युवक एचआईवी पॉजिटिव है...
गोरखपुर: गगहा थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर शादीशुदा और अकेली महिलाओं को झांसा देकर यौन शोषण व गहने लूटने के गंभीर आरोप हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि युवक एचआईवी पॉजिटिव है और पत्नी द्वारा छोड़े जाने के बाद उसने महिलाओं को फंसाना शुरू किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बड़हलगंज इलाके के एक गांव का निवासी है और लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है। गिरफ्तारी के बाद महिलाओं के बीच हड़कंप मच गया है, क्योंकि कई पीड़िताएं अब सामने आ रही हैं।
पत्नी के अलग होने के बाद शुरू की ठगी
छह महीने पहले जब युवक की पत्नी को पता चला कि वह एचआईवी संक्रमित है, तो उसने रिश्ता तोड़ दिया और मायके चली गई। इसके बाद युवक ने अकेली और विवाहित महिलाओं को अपना निशाना बनाना शुरू किया। वह खुद को बड़ा कारोबारी बताकर महिलाओं को ऊंचे ख्वाब दिखाता, थोड़े पैसे खर्च करता और फिर विश्वास जीतकर यौन संबंध बनाता। बाद में उनके गहने लेकर फरार हो जाता।
नकली पहचान, बंद मोबाइल
आरोपी ने अधिकतर महिलाओं से संपर्क मोबाइल के जरिये किया। वह विशेष रूप से उन महिलाओं को टारगेट करता था जिनके पति बाहर नौकरी करते हैं। महिलाओं से गहने लेकर वह फोन बंद कर गायब हो जाता। पुलिस को अब तक किसी महिला से उसका असली नाम और पता नहीं मिला है।
पूर्व में भी आपराधिक इतिहास
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी युवक का आपराधिक इतिहास पुराना है। पहले गांव में चोरी करता था, मोटर व घरेलू सामान चुराकर बेचता था। बाद में जमीन की प्लॉटिंग के नाम पर लोगों से ठगी की। इसके खिलाफ बड़हलगंज थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है। वर्ष 2015 में वह मुंबई चला गया और बोरीवली में कबाड़ की दुकान वाले से संपर्क में आया। यहां भी वह रेलवे के सामान की चोरी में लिप्त पाया गया।
मुंबई में गैंगस्टर एक्ट में हुई थी कार्रवाई
एक बार मुंबई की जीआरपी पुलिस ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह कई बार रेलवे का सामान चुराकर बेच चुका था। पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की। सजा काटने के बाद वह वापस बड़हलगंज लौट आया और फिर से अपराध में सक्रिय हो गया।
अब खुलेगी हिस्ट्रीशीट
गगहा पुलिस आरोपी की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी में है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने अभी और भी महिलाओं को अपना शिकार बनाया होगा। उसके खिलाफ यौन शोषण, ठगी, और धोखाधड़ी के नए मामलों की जांच की जा रही है।