Edited By Purnima Singh,Updated: 01 Feb, 2026 01:38 PM

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2026 में उत्तर प्रदेश के लिए विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं का ऐलान किया है। बजट में आर्थिक सुधारों को गति देने के साथ युवा, किसान, महिलाएं, गरीब और नौकरीपेशा वर्ग को केंद्र में रखा...
लखनऊ: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट 2026 में उत्तर प्रदेश के लिए विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं का ऐलान किया है। बजट में आर्थिक सुधारों को गति देने के साथ युवा, किसान, महिलाएं, गरीब और नौकरीपेशा वर्ग को केंद्र में रखा गया है। स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग क्षेत्र में की गई घोषणाओं से प्रदेश को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का विस्तार
बजट में उत्तर प्रदेश के लिए दो प्रमुख हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं की घोषणा की गई है। वाराणसी से दिल्ली और वाराणसी से सिलीगुड़ी के बीच हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिससे प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
हर जिले में ट्रॉमा सेंटर और अस्पतालों की क्षमता बढ़ेगी
केंद्रीय वित्त मंत्री ने जिला अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने और प्रदेश के सभी जिलों में इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की योजना की घोषणा की। इससे स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और गंभीर मरीजों को तत्काल इलाज मिल सकेगा। इसके साथ ही कैंसर और डायबिटीज की दवाओं को सस्ता किए जाने का भी ऐलान किया गया है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें : योगी सरकार ने प्रशासनिक महकमे में किया बड़ा फेरबदल! 6 IAS के बाद 5 PCS इधर से उधर, जानें किसे कहां मिली नई जिम्मेदारी, देखें पूरी लिस्ट
महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं
बजट में ग्रामीण महिलाओं के लिए ‘शी-मार्ट’ के निर्माण और हर जिले में कामकाजी महिलाओं के लिए वर्किंग वूमेन हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है। इन योजनाओं से महिलाओं को रोजगार और सुरक्षित आवास की सुविधा मिलेगी।
एमएसएमई और इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर को बढ़ावा
छोटे और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के फंड की व्यवस्था की गई है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का फंड घोषित किया गया है। इसके साथ ही ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0’ की शुरुआत की गई है, जिसके तहत तकनीकी विकास और कुशल कार्यबल तैयार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : तीन युवकों ने महिला को होटल में किया बंद, अंदर से सुनाई दीं जोरदार चीखें, भीड़ ने तोड़ा गेट.. तो नजारा देख उड़ गए होश; आग की तरह VIRAL हो रहा VIDEO!
ओडीओपी और चमड़ा उद्योग को राहत
बजट में महात्मा गांधी हैंडलूम योजना लागू करने की घोषणा की गई है, जिससे उत्तर प्रदेश की ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ओडीओपी) योजना को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा चमड़े से बने उत्पादों को सस्ता किए जाने से कानपुर और आगरा के चमड़ा उद्योग को लाभ मिलने की उम्मीद है।
वाराणसी में जहाज मरम्मत केंद्र बनेगा
केंद्रीय बजट में वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधा केंद्र के निर्माण का ऐलान किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और जल परिवहन क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
शिक्षा और शहरों के विकास पर जोर
देश के 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएटर लैब स्थापित की जाएंगी, जिसका लाभ उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों को भी मिलेगा। इसके साथ ही टीयर-2 और टीयर-3 शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्रोजेक्ट जारी रखने की घोषणा की गई है, जिससे छोटे शहरों का विकास तेज होगा।