Edited By Pooja Gill,Updated: 26 Apr, 2025 10:47 AM

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक भीषण हादसा हो गया। यहां पर एक तेज रफ्तार कार ने एक ही परिवार के सात लोगों को कुचल दिया। यह सभी लोग अपने घर के बाहर चारपाई पर बैठे हुए थे। कार के रौंदने से मां और बेटी की मौत हो गई...
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक भीषण हादसा हो गया। यहां पर एक तेज रफ्तार कार ने एक ही परिवार के सात लोगों को कुचल दिया। यह सभी लोग अपने घर के बाहर चारपाई पर बैठे हुए थे। कार के रौंदने से मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच लोग बुरी तरह घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, गुलरिहा के रघुनाथपुर टोला भगवानपुर में ये दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पर शुक्रवार रात 10:30 बजे बारात से लौट रही एक तेज रफ्तार कार ने सात लोगों को रौंद दिया। दरअसल, रघुनाथपुर टोला भगवानपुर के रहने वाले मैनुद्दीन और उनका परिवार गर्मी की वजह से घर के दरवाजे पर चारपाई लगाकर सो रहे थे। तभी पनीयरा बारात गई एक कार तेज रफ्तार में मलंग स्थान चौराहे की तरफ से आई और चारपाई पर सो रहे लोगों को रौंद दिया। इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया।
कार सवारों की तलाश कर रही पुलिस
हादसे में मैनुद्दीन की पत्नी 45 वर्षीय सायदा खातून, 16 वर्षीय बेटी सुफिया, बेटा बदरे आलम, मैनुद्दीन के भाई अतमुद्दीन की पत्नी 50 वर्षीय मरियम, पुत्री 32 वर्षीय राबिया खातून, बेटा 14 वर्षीय जुबेर, पांच वर्षीय नाती निहाल बुरी तरह से घायल हो गए। सभी लोगों की हालत काफी गंभीर थी। हादसे में मां और बेटी दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि अन्य पांच का इलाज किया जा रहा है। वहीं, घटना स्थल से पुलिस ने कार बरामद कर ली है। उसमें शराब की बोतल और गिलास मिले है। कार सवार भी गुलरिहा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गोरखपुर में हुए हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए है।