Edited By Anil Kapoor,Updated: 09 Dec, 2024 09:10 AM
Jhansi News: उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के एरच थाना क्षेत्र स्थित मलीहा टोला गांव से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 14 साल के एक लड़के ने पबजी गेम (PUBG) खेलने से रोकने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव एक बबूल के पेड़ से लटका हुआ मिला। इस...
Jhansi News: उत्तर प्रदेश में झांसी जिले के एरच थाना क्षेत्र स्थित मलीहा टोला गांव से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 14 साल के एक लड़के ने पबजी गेम (PUBG) खेलने से रोकने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव एक बबूल के पेड़ से लटका हुआ मिला। इस घटना ने उसके परिवार में कोहराम मचा दिया है।
जानिए, क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक के परिजनों का कहना है कि लड़के को मोबाइल गेम की लत थी और उसकी मां उसे बार-बार गेम खेलने से मना करती थीं। घटना के दिन भी लड़का गेम खेल रहा था, जब उसकी मां ने उसे रोका, तो वह नाराज होकर घर से बाहर चला गया। लड़के की मां ने उसे खोजने की कोशिश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। कुछ समय बाद, उसने बबूल के पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली। जब उसकी मां ने उसे नहीं देखा तो उसने चिंता जताई और खोजबीन शुरू की। थोड़ी देर बाद, जब उसने देखा कि उसका बेटा पेड़ पर लटका हुआ है, तो वह चीख पड़ी। परिवार के अन्य सदस्य दौड़कर आए और उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चाचा ने बताया कि उसका भतीजा बहुत समय से मोबाइल गेम खेल रहा था और उसकी मां अक्सर उसे डांटती थीं। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गोपीनाथ सोनी ने भी इस घटना की पुष्टि की और बताया कि लड़का पबजी गेम खेलने का आदी था। मां द्वारा डांटे जाने के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं यह घटना इस बात की ओर इशारा करती है कि बच्चों में मोबाइल गेम की लत कितनी खतरनाक हो सकती है और परिवारों को इस पर ध्यान देने की जरूरत है।