Edited By Anil Kapoor,Updated: 04 Mar, 2026 09:43 AM

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां भमोरा थाना क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े की दास्तां का अंत बेहद दर्दनाक रहा। प्यार में नाकाम होने और परिजनों के विरोध से टूटे एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली,...
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां भमोरा थाना क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े की दास्तां का अंत बेहद दर्दनाक रहा। प्यार में नाकाम होने और परिजनों के विरोध से टूटे एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली, जबकि उसकी प्रेमिका अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।
खेत में पेड़ से लटका मिला शव
मिली जानकारी के मुताबिक, बीते मंगलवार की सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर जा रहे थे, तब उनकी नजर एक पेड़ से लटकते शव पर पड़ी। फंदे से लटकता शव देख गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कृष्णपाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही भमोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शादी में रुकावट बनी दीवार, युवती ने उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के मुताबिक, कृष्णपाल का पड़ोस के ही गांव की एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे और शादी करना चाहते थे। चूंकि दोनों एक ही बिरादरी से थे, फिर भी परिवार वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी सामाजिक और पारिवारिक दबाव के चलते दो दिन पहले युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है।
प्रेमिका की हालत सुन टूट गया प्रेमी
जैसे ही कृष्णपाल को खबर मिली कि उसकी प्रेमिका ने जहर खा लिया है और वह अस्पताल में तड़प रही है, वह सदमे में चला गया। अपनों के विरोध और प्यार को खोने के डर ने उसे इस कदर तोड़ा कि उसने भी खौफनाक रास्ता चुन लिया। उसने खेत में जाकर उसी पेड़ को अपना आखिरी ठिकाना बनाया, जहां कभी शायद उसने सुनहरे सपने बुने थे।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग और आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। युवती के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि उसका बयान दर्ज किया जा सके। फिलहाल, दोनों परिवारों में कोहराम मचा है और गांव वाले इस बात से दुखी हैं कि काश समय रहते इस त्रासदी को टाला जा सकता।