Edited By Purnima Singh,Updated: 03 Mar, 2026 12:52 PM

होली की खुशियों से पहले सीतापुर जिले में मातम पसर गया। रविवार और सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामलों की जांच शुरू...
Sitapur News: होली की खुशियों से पहले सीतापुर जिले में मातम पसर गया। रविवार और सोमवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामलों की जांच शुरू कर दी है।
मछरेहटा में कोटेदार की सड़क हादसे में मौत
सीतापुर के मछरेहटा क्षेत्र के मुसुओली निवासी कोटेदार अजीत शुक्ला उर्फ बब्लू (48) रविवार रात बाइक से घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पहले ही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह उछलकर सड़क पर जा गिरे। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : प्री-वेडिंग शूट के लिए दुबई गया था UP का Couple, तभी शुरू हो गया ईरान युद्ध और एक साथ फंसे गए इतने लोग... अब डर के साए में यहां रह रहे ये
कार की टक्कर से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत
मछरेहटा क्षेत्र के भारासैनी पुलिया के पास जल जीवन मिशन के तहत सड़क खुदी हुई थी। रविवार रात शालू (35) घर के बाहर मिट्टी समतल कर रही थीं। इसी दौरान जलालपुर की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। अनियंत्रित कार कुछ दूरी पर खड़ी रामपति (55) को भी रौंदते हुए निकल गई। दोनों महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मछरेहटा थाना प्रभारी प्रभात गुप्ता ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।
संदना में बुलेट बिजली के पोल से टकराई, चालक की मौत
संदना क्षेत्र के तारापुर निवासी मनोज (35) सोमवार को अपने चचेरे भाई की बुलेट बाइक लेकर निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह नशे की हालत में थे और लोगों के मना करने के बावजूद बाइक चला रहे थे। कुछ दूरी पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में बाइक घिसटते हुए दुकान के बाहर खड़े आशीष को टक्कर मारते हुए सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा टकराई। आशीष को गंभीर हालत में सीएचसी से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें : UP में होली से पहले मातम! बरपा तेज रफ्तार का कहर... नेशनल हाईवे पर डंपर ने बाइक सवार भाइयों को रौंदा, दोनों की मौत
इमलिया सुल्तानपुर में बाइक खंती में पलटी, चाचा की मौत
इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के जगना गांव निवासी लक्ष्मण (40) अपने भतीजे रिंकू के साथ लखीमपुर में मजदूरी करते थे। रविवार रात दोनों होली मनाने बाइक से घर लौट रहे थे। नौवा अंबरपुर के पास मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने लक्ष्मण को मृत घोषित कर दिया, जबकि रिंकू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने सभी मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर जांच की जा रही है। होली से पहले हुए इन हादसों ने जिले में शोक की लहर दौड़ा दी है।