Edited By Purnima Singh,Updated: 03 Mar, 2026 01:32 PM

घरेलू विवाद ने यूपी के मेरठ में गंभीर रूप ले लिया, जब एक महिला ने अपने पति पर उसे प्रताड़ित करने और सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर व मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर बदनाम करने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने पति, सास और दो ननदों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच...
Meerut News: घरेलू विवाद ने यूपी के मेरठ में गंभीर रूप ले लिया, जब एक महिला ने अपने पति पर उसे प्रताड़ित करने और सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर व मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर बदनाम करने का आरोप लगाया। मामले में पुलिस ने पति, सास और दो ननदों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आठ दिन तक कमरे में बंद कर मारपीट
मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी महिला ने एसएसपी को शिकायत पत्र देकर बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले रेलवे में कार्यरत युवक से हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला का आरोप है कि पति, सास और दो ननदें मिलकर उसका उत्पीड़न करती थीं। करीब एक वर्ष पहले उसे आठ दिन तक कमरे में बंद कर मारपीट की गई। किसी तरह उसने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे मायके लाया गया। रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से समझौता हुआ, लेकिन ससुराल लौटने पर फिर से उत्पीड़न शुरू हो गया।
मारपीट में कान में गंभीर चोट
पीड़िता के अनुसार, दोबारा हुई मारपीट में उसके कान में गंभीर चोट आई। परिजन उसे फिर अपने साथ ले आए। इसके बाद दंपती के बीच विवाद और बढ़ गया।
सोशल मीडिया पर फोटो और नंबर वायरल
महिला का आरोप है कि पति ने उसे बदनाम करने की नीयत से उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी और साथ ही उसका मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिया। पोस्ट में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे उसकी छवि को ठेस पहुंची। फोटो और नंबर वायरल होने के बाद उसके पास अज्ञात लोगों के फोन आने लगे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।
थाना पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़िता का कहना है कि उसने संबंधित पोस्ट के स्क्रीनशॉट के साथ थाना कंकरखेड़ा में तहरीर दी, लेकिन शुरुआती स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पुलिस ने पति, सास और दो ननदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सीओ दौराला को सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।