Edited By Anil Kapoor,Updated: 04 Mar, 2026 08:05 AM

Gonda News: भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और कद्दावर नेता बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मौका था होली का, जहां वह अपने पैतृक गांव विष्णोहरपुर में थारू जनजाति द्वारा आयोजित होली उत्सव में मस्ती में...
Gonda News: भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और कद्दावर नेता बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार मौका था होली का, जहां वह अपने पैतृक गांव विष्णोहरपुर में थारू जनजाति द्वारा आयोजित होली उत्सव में मस्ती में डूबे नजर आए। सोशल मीडिया पर उनके डांस का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
थारू बेटियों के आग्रह पर मंच पर पहुंचे सिंह
नवाबगंज क्षेत्र के विष्णोहरपुर स्थित आवास पर आयोजित इस भव्य उत्सव में थारू जनजाति की बेटियों ने लोक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। माहौल तब और रंगीन हो गया जब बेटियों ने बृजभूषण सिंह को मंच पर आने का न्योता दिया। जैसे ही लाउडस्पीकर पर 'होली खेले रघुवीरा अवध में' की धुन गूंजी, पूर्व सांसद खुद को रोक नहीं पाए।
गमछा डांस और तालियों की गड़गड़ाहट
वीडियो में देखा जा सकता है कि बृजभूषण सिंह पूरे रंग में हैं। उन्होंने कभी थारू बेटियों का हाथ थामकर कदम से कदम मिलाए, तो कभी अपने चिर-परिचित अंदाज में 'गमछा डांस' करते नजर आए। चारों तरफ से उन पर रंगों की बौछार हो रही थी और वह पूरी मस्ती में झूम रहे थे। डांस के बाद उन्होंने सभी बेटियों को आशीर्वाद दिया और होली की शुभकामनाएं दीं।
पूरा कुनबा रहा मौजूद
इस खास अवसर पर बृजभूषण सिंह अकेले नहीं थे। उनके साथ कैसरगंज के सांसद और उनके बेटे करन भूषण सिंह के साथ-साथ गोंडा सदर के विधायक प्रतीक भूषण सिंह भी मौजूद रहे। पूरा परिवार होली के रंगों और लोक संस्कृति के इस मेल-जोल का गवाह बना।
सोशल मीडिया पर मिलीजुली प्रतिक्रिया
बृजभूषण सिंह ने खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इस डांस का वीडियो साझा किया है। वीडियो वायरल होते ही कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। जहां उनके समर्थक उनके इस देसी अंदाज की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसे देखकर हैरान हैं। इंटरनेट पर लोग मजे लेते हुए लिख रहे हैं— बुरा न मानो होली है!