Edited By Anil Kapoor,Updated: 03 Mar, 2026 12:28 PM

Agra News: ताजनगरी के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक मां की ममता और मौत के बीच हुई जंग का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। जहां अपने मासूम बच्चे को चलती ट्रेन में अकेला देख एक महिला इस कदर घबरा गई कि उसने अपनी जान की परवाह किए बिना....
Agra News: ताजनगरी के आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर एक मां की ममता और मौत के बीच हुई जंग का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है। जहां अपने मासूम बच्चे को चलती ट्रेन में अकेला देख एक महिला इस कदर घबरा गई कि उसने अपनी जान की परवाह किए बिना मौत को चुनौती दे डाली। दो बार प्लेटफॉर्म पर बुरी तरह रगड़ने और गिरने के बावजूद, तीसरी बार में वह कोच के भीतर घुसने में कामयाब रही।
बच्चे को अकेला देख भूल गई अपनी जान
मिली जानकारी के मुताबिक, महिला यात्री प्लेटफॉर्म पर पानी लेने के लिए नीचे उतरी थी। इसी बीच ट्रेन ने अचानक रफ्तार पकड़ ली। महिला ने देखा कि उसका बच्चा कोच के भीतर अकेला रह गया है। ममता के वशीभूत होकर महिला ने भागकर चलती ट्रेन का हैंडल पकड़ने की कोशिश की। पहली कोशिश में वह पैर फिसलने के कारण वह प्लेटफॉर्म पर गिरी। दूसरी कोशिश में वह फिर उठी और हैंडल पकड़ना चाहा, लेकिन इस बार वह प्लेटफॉर्म पर काफी दूर तक रगड़ती हुई गई। तीसरी कोशिश में मौत के करीब होने के बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और तीसरे प्रयास में कोच के अंदर चढ़ने में सफल रही।
इंसानियत शर्मसार- तमाशबीन बनी रही भीड़
इस पूरी घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि जब महिला प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच मौत से लड़ रही थी, तब वहां मौजूद दर्जनों लोग मदद करने के बजाय केवल तमाशा देख रहे थे। किसी ने भी ट्रेन की चेन (Emergency Chain) खींचने या महिला को पकड़ने की कोशिश नहीं की। कुछ लोग इस पूरी घटना का वीडियो बनाने में मशगूल दिखे।
रेलवे की सख्त चेतावनी- 'एक सेकंड की चूक ले सकती है जान'
वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही करार दिया है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि कभी भी चलती हुई ट्रेन चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। यदि आपका बच्चा, परिजन या सामान ट्रेन में छूट जाता है, तो तुरंत स्टेशन मास्टर या RPF को सूचना दें। अगले स्टेशन पर सूचना भेजकर आपकी पूरी मदद की जाएगी, इसलिए अपनी जान जोखिम में न डालें।