Edited By Pooja Gill,Updated: 27 May, 2025 02:42 PM

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में आए लोगों से मुलाकात कर ध्यान से उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जन समस्याओं का निस्तारण संवेदनशीलता और तत्परता से किए जाने के निर्देश दिए...
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में आए लोगों से मुलाकात कर ध्यान से उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जन समस्याओं का निस्तारण संवेदनशीलता और तत्परता से किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इसमें तनिक भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिपरक होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की हर समस्या का समाधान सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।
सीएम ने 250 लोगों से की मुलाकात
गोरखनाथ मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने करीब 250 लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सबको आश्वस्त किया कि हर व्यक्ति को न्याय दिलाया जाएगा। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित निस्तारण का निर्देश देने के साथ मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए संकल्पित है। उन्होंने अफसरों से कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए।
'कमजोरों को उजाड़ने वाले बख्शे न जाएं'
सीएम योगी ने हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी सहायता की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले, कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री के समक्ष जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए। जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंचीं थीं। योगी ने इन बच्चों को प्यार-दुलार करते हुए चॉकलेट और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।