Edited By Anil Kapoor,Updated: 14 Feb, 2026 09:01 AM

UP Politics News: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने उन्नाव के एक निजी समारोह में शिरकत करते हुए सत्ताधारी भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की धार्मिक पहचान से लेकर केंद्र की आर्थिक नीतियों...
UP Politics News: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने उन्नाव के एक निजी समारोह में शिरकत करते हुए सत्ताधारी भाजपा सरकार पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की धार्मिक पहचान से लेकर केंद्र की आर्थिक नीतियों तक, हर मोर्चे पर घेराबंदी की।
'वस्त्र पहनने से कोई योगी नहीं होता'
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा व्यक्तिगत हमला करते हुए कहा कि केवल भगवा वस्त्र पहनने या कान छिदवाने से कोई 'योगी' नहीं बन जाता। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि इनको योगी होने का सर्टिफिकेट किसने दिया?अखिलेश ने आगे कहा कि जो गीता के सिद्धांतों के उलट काम करे, उसे सनातनी कैसे माना जा सकता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री से अगर पूछो कि 18 बड़ा है या जीरो, तो वो जीरो ही बताएंगे।
शंकराचार्य के अपमान और माफिया राज पर घेरा
धार्मिक मुद्दों को उठाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूजनीय शंकराचार्य को गंगा स्नान करने से रोका, जो इतिहास में कभी नहीं हुआ। माफियाओं के मुद्दे पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि माफिया वह है जिसने खुद पर लगे मुकदमे वापस लिए हों (सत्ता पक्ष की ओर इशारा)। अखिलेश ने चुटकी लेते हुए कहा कि सरकार ने अब दिल्ली वालों से लड़ने के लिए बुलडोजर नहीं, बल्कि 'ब्रह्मोस' मिसाइल जैसी तैयारी कर ली है, लेकिन जब पाप का घड़ा भरता है तो कोई नहीं बचता।
किसानों और व्यापारियों की बदहाली का मुद्दा
अखिलेश ने सरकार की आर्थिक नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह सरकार स्वदेशी की बात करती है लेकिन दाल विदेशों से मंगा रही है और जानवरों का चारा अमेरिका से आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संडीला में एक उद्योगपति ने किसानों की खाद पकड़ ली थी ताकि मुनाफा कमा सके, लेकिन दिल्ली से फोन आने पर उसे छोड़ दिया गया। कानपुर और उन्नाव के प्रसिद्ध टेनरी (चमड़ा) उद्योग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों ने स्थानीय कारोबार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।
चीन की घुसपैठ पर बड़ा सवाल
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर अखिलेश ने भाजपा को घेरते हुए पूछा कि भाजपा बताए कि 2014 में भारत का क्षेत्रफल कितना था और अब 2026 में कितना बचा है? उन्होंने आरोप लगाया कि चीन हमारी जमीन और बाजार दोनों छीन रहा है, लेकिन सरकार खामोश बैठी है।