Edited By Anil Kapoor,Updated: 13 Feb, 2026 12:21 PM

Mathura News: सोशल मीडिया पर रील बनाकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के चक्कर में एक युवक को भारी कीमत चुकानी पड़ी है। मथुरा की गोवर्धन पुलिस ने एक ऐसे युवक को दबोचा है, जिसने वर्दी की मर्यादा को तार-तार करते हुए पूरे पुलिस महकमे की 'कीमत'......
Mathura News: सोशल मीडिया पर रील बनाकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के चक्कर में एक युवक को भारी कीमत चुकानी पड़ी है। मथुरा की गोवर्धन पुलिस ने एक ऐसे युवक को दबोचा है, जिसने वर्दी की मर्यादा को तार-तार करते हुए पूरे पुलिस महकमे की 'कीमत' लगा दी थी।
क्या था पूरा विवादित वीडियो?
मथुरा के देवसेरस गांव के रहने वाले 20 वर्षीय रॉबिन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने दुस्साहस की सारी हदें पार करते हुए कहा था कि एक हवलदार की कीमत 1,000 रुपये है। इंस्पेक्टर की कीमत 10,000 रुपये है। और वह पूरे थाने का सौदा 1 लाख रुपये में कर सकता है। वीडियो में उसने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा था कि वह पुलिस को खरीदने की हैसियत रखता है।
ठगी के गढ़ से जुड़ा है आरोपी
हैरानी की बात यह है कि आरोपी रॉबिन जिस देवसेरस गांव का है, वह इलाका ऑनलाइन ठगी (Cyber Crime) के लिए कुख्यात है। करीब एक महीने पहले ही पुलिस ने इसी गांव से ठगी के आरोप में 40 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसी पृष्ठभूमि के कारण रॉबिन के इस वीडियो को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया और उसकी तलाश शुरू कर दी।
गिरफ्तारी के बाद उतरा 'सौदागर' का नशा
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर रॉबिन को गांठोली बंबा की पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। जो रॉबिन वीडियो में वर्दी खरीदने की बात कर रहा था, पुलिस की गिरफ्त में आते ही उसके सुर पूरी तरह बदल गए। अब वह पुलिस के सामने हाथ जोड़कर और कान पकड़कर अपनी गलती की माफी मांगता नजर आ रहा है।
वर्दी का अपमान बर्दाश्त नहीं: पुलिस
गोवर्धन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून और वर्दी का मजाक उड़ाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।