Edited By Purnima Singh,Updated: 04 Dec, 2025 04:14 PM

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में दहेज के नाम पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जूही परमपुरवा क्षेत्र की 20 वर्षीय दुल्हन की शादी 29 नवंबर को इमरान नामक युवक से हुई। शादी के बाद दुल्हन विदा होकर ससुराल गई, लेकिन दहेज में बुलेट न मिलने पर उसे केवल...
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में दहेज के नाम पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जूही परमपुरवा क्षेत्र की 20 वर्षीय दुल्हन की शादी 29 नवंबर को इमरान नामक युवक से हुई। शादी के बाद दुल्हन विदा होकर ससुराल गई, लेकिन दहेज में बुलेट न मिलने पर उसे केवल 24 घंटे में वापस मायके भेज दिया गया। इस दौरान कथित तौर पर दुल्हन के साथ मारपीट भी हुई। दुल्हन की मां ने बेटी के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले का पूरा विवरण
दुल्हन के पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया और बारात का स्वागत सम्मान के साथ किया। शादी संपन्न होने के बाद 30 नवंबर को दुल्हन ससुराल पहुंची, लेकिन वहां उसे बताया गया कि दहेज में बुलेट बाइक नहीं मिली, और साथ ही दो लाख रुपए देने को कहा गया। दुल्हन ने कहा कि पिता के पास इतना पैसा नहीं है, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों ने उसका अपमान किया और पति ने उसे पीटा। दुल्हन की शिकायत के बाद दूल्हे ने तुरंत उसके पिता को बुला लिया और बेटी को उसी जोड़े में वापस घर भेज दिया, जिसमें वह विदा हुई थी।
पुलिस की कार्रवाई
दुल्हन और परिवार के शिकायत पर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के ऑफिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस कमिश्नर के स्टाफ ऑफिसर अमरनाथ यादव ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दूल्हे इमरान और उसके परिवार का कहना है कि दुल्हन के घर लौटने के बाद उनके बेटे की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके लिए उन्हें डॉक्टर को दिखाया गया और इसी बात पर शिकायत हुई।