Edited By Pooja Gill,Updated: 09 Mar, 2026 11:25 AM

अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के मंडी धनौरा में भाजपा विधायक राजीव तरारा के काफिले पर पथराव और सुरक्षाकर्मी की सरकारी बंदूक लूटने की कोशिश के मामले में नया मोड़ आ गया है...
अमरोहा: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के मंडी धनौरा में भाजपा विधायक राजीव तरारा के काफिले पर पथराव और सुरक्षाकर्मी की सरकारी बंदूक लूटने की कोशिश के मामले में नया मोड़ आ गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे मामले पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि छह अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। वहीं, मामले में लापरवाही के आरोप में एसएसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया था।
क्या था पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 22 फरवरी की शाम क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा अपने काफिले के साथ अमरोहा की ओर जा रहे थे। जब उनका काफिला मंडी धनौरा के रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा, तब पीछे से बाइक सवार दो युवकों के साथ उनका विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने पहले विधायक की कार को टक्कर मार दी और फिर गाली-गलौज करने लगे।
इसके बाद उनके कुछ साथी भी मौके पर पहुंच गए और विधायक के काफिले पर पथराव कर दिया। इस दौरान कार का शीशा टूट गया और कार में बैठे सचिन कुमार और पवन कुमार घायल हो गए। घटना के समय मौजूद सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से दो युवकों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान रोहित (निवासी नांदनौर माफी) और प्रदीप (निवासी शहबाजपुर गुर्जर) के रूप में हुई।
CCTV फुटेज से आया मामले में नया मोड
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला कुछ अलग नजर आ रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सड़क पर खड़ी बाइक की वजह से विधायक का काफिला रुक गया था। इसके बाद काफिले में मौजूद कुछ लोग गाड़ी से उतरकर बाइक सवार युवकों के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है और लोग विधायक को ट्रोल कर रहे हैं। वहीं, पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे है।