Edited By Anil Kapoor,Updated: 23 Feb, 2026 11:29 AM

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने शासन-प्रशासन में खलबली मचा दी है। खागा विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक कृष्णा पासवान ने निर्माण कार्य में धांधली की शिकायत मिलने पर खुद मोर्चा संभाला...
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने शासन-प्रशासन में खलबली मचा दी है। खागा विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक कृष्णा पासवान ने निर्माण कार्य में धांधली की शिकायत मिलने पर खुद मोर्चा संभाला और निर्माणाधीन डामर रोड को फावड़े से खोदकर विकास की पोल खोल दी।
जब विधायक ने हाथ में लिया फावड़ा
घटना अइमापुर से रतनपुर तक बन रही 2200 मीटर लंबी सड़क की है। विधायक कृष्णा पासवान जब क्षेत्र के भ्रमण पर थीं, तब ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और सड़क निर्माण में हो रही भारी अनियमितता की शिकायत की। विधायक जैसे ही मौके पर पहुंचीं, उन्होंने देखा कि सड़क बनते ही उखड़ रही है। अपनी आंखों पर यकीन करने के लिए विधायक ने खुद फावड़ा उठाया और सड़क खोदनी शुरू कर दी। हैरानी की बात यह रही कि 38 लाख की लागत से बन रही डामर रोड मिट्टी की तरह हाथ से ही उखड़ गई।
अफसरों और ठेकेदार की मिलीभगत का पर्दाफाश
विधायक ने मौके से ही PWD (लोक निर्माण विभाग) के अधिकारियों को फोन लगाकर जबरदस्त फटकार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार और विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने मिलकर जनता की गाढ़ी कमाई का बंदरबांट किया है। विधायक ने कहा कि जनता के पैसे की बर्बादी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। यह सड़क नहीं, भ्रष्टाचार का पुलिंदा है जो हाथ लगाने से ही ढह रहा है।
DM तक पहुंचेगी भ्रष्टाचार की फाइल
विधायक ने तत्काल प्रभाव से सड़क का काम रुकवा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह इस पूरे मामले की लिखित शिकायत फतेहपुर के District Magistrate (DM) से करेंगी। विधायक की इस मांग के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। अब इस घटिया निर्माण की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।