Edited By Anil Kapoor,Updated: 26 Feb, 2026 08:20 AM

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक शातिर चोर ने रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी महंगी यामाहा बाइक को अपना निशाना बनाया। चोरी की यह पूरी घटना पास में लगे...
Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक शातिर चोर ने रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी महंगी यामाहा बाइक को अपना निशाना बनाया। चोरी की यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महाराजा रेस्टोरेंट के बाहर से उड़ी बाइक
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 24 फरवरी की रात महाराजा रेस्टोरेंट के बाहर हुई। लखनऊ का रहने वाला 'सैज' नाम का युवक मंझनपुर के एक निजी होटल में काम करता है और उसने रोज की तरह अपनी यामाहा बाइक रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी की थी। देर रात जब वह वापस लौटा, तो बाइक गायब देख उसके होश उड़ गए।
पहले तोड़ा लॉक, फिर पैदल लेकर टहला
सीसीटीवी फुटेज में चोर की चालाकी साफ नजर आ रही है। फुटेज के अनुसार, बदमाश पहले बाइक के पास आता है और काफी देर तक इधर-उधर देखकर माहौल का जायजा लेता है। मौका मिलते ही वह बड़ी सफाई से बाइक का हैंडल लॉक तोड़ देता है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि लॉक तोड़ने के बाद वह तुरंत बाइक स्टार्ट नहीं करता, बल्कि किसी को शक न हो इसलिए बाइक को पैदल ही घसीटते हुए कुछ दूर तक ले जाता है और फिर अंधेरे का फायदा उठाकर चंपत हो जाता है।
जल्द सलाखों के पीछे होगा चोर
पीड़ित युवक ने घटना की लिखित शिकायत मंझनपुर कोतवाली में दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत मिल चुके हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर चोरी गई बाइक बरामद कर ली जाएगी।