Edited By Anil Kapoor,Updated: 21 Mar, 2026 07:07 AM

Varanasi News: धर्म की नगरी वाराणसी का प्रतिष्ठित उदय प्रताप (UP) कॉलेज शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट और छात्रों के आक्रोश से दहल उठा। BSc सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की कॉलेज परिसर के भीतर ही दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। अब इस वारदात का एक...
Varanasi News: धर्म की नगरी वाराणसी का प्रतिष्ठित उदय प्रताप (UP) कॉलेज शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट और छात्रों के आक्रोश से दहल उठा। BSc सेकंड ईयर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की कॉलेज परिसर के भीतर ही दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। अब इस वारदात का एक बेहद डरावना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो में कैद हुआ खौफनाक मंजर
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कॉलेज की गैलरी में सूर्य प्रताप सिंह लहूलुहान होकर जमीन पर गिरा हुआ है। आरोपी छात्र मंजीत चौहान उसके सीने पर चढ़ा हुआ है। बेरहमी की हद यह थी कि एक गोली मारने के बाद जब मंजीत की पिस्टल फंस गई, तो वह उसे वहीं खड़े होकर ठीक करने लगा ताकि और गोलियां दाग सके। वीडियो के बैकग्राउंड में अफरा-तफरी और चीख-पुकार सुनाई दे रही है। एक छात्रा की आवाज भी सुनाई देती है जो कांपते हुए कह रही है— 'मर गया न वो...'।
कैंपस बना जंग का मैदान, टीचरों पर हमला
हत्या की खबर फैलते ही छात्र भड़क गए। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज परिसर में जमकर उत्पात मचाया। छात्रों ने तीन टीचरों के साथ मारपीट की, जिसमें एक शिक्षक का सिर फट गया। परिसर में खड़े दर्जनों वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस सुरक्षा के बीच दर्जनों शिक्षकों और स्टाफ को कॉलेज के पिछले गेट से सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा।
प्रिंसिपल की भूमिका पर गंभीर आरोप
छात्रों का गुस्सा कॉलेज प्रशासन और प्रिंसिपल धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ है। छात्रों का आरोप है कि सूर्य प्रताप की तबीयत खराब थी, फिर भी प्रिंसिपल ने उसे जबरदस्ती ऑफिस बुलाया। जैसे ही सूर्य प्रताप और मंजीत प्रिंसिपल ऑफिस से बाहर निकले, मंजीत ने उस पर हमला कर दिया। छात्रों का दावा है कि यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा हो सकता है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है।मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस की 6 अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। FSL की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और कॉलेज के CCTV फुटेज व DVR को कब्जे में ले लिया गया है। शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी दुश्मनी का लग रहा है, लेकिन पुलिस प्रिंसिपल और कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के एंगल से भी जांच कर रही है।