Edited By Anil Kapoor,Updated: 20 Mar, 2026 10:47 AM

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हाई-प्रोफाइल इलाके गोमतीनगर में एक ऐसी चोरी हुई है, जिसने सियासी गलियारों में टोंटी विवाद की यादें ताजा कर दी हैं। अयोध्या की रुदौली सीट से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी के घर में...
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हाई-प्रोफाइल इलाके गोमतीनगर में एक ऐसी चोरी हुई है, जिसने सियासी गलियारों में टोंटी विवाद की यादें ताजा कर दी हैं। अयोध्या की रुदौली सीट से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी के घर में घुसकर एक चोर ने बाथरूम की टोंटियों पर हाथ साफ करने की कोशिश की, लेकिन उसकी किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह सलाखों के पीछे पहुंच गया।
बाथरूम से आई आवाज और पकड़ा गया चोर
यह पूरी घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की है। पूर्व विधायक के गोमतीनगर स्थित विकासखंड आवास की देखरेख करने वाले अशरफ घर में ही मौजूद थे। अचानक उन्हें बाथरूम की तरफ से कुछ अजीब आवाजें सुनाई दीं। जब अशरफ अंदर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि एक युवक बड़े आराम से बाथरूम की टोंटियां काट रहा था। शोर मचते ही चोर ने भागने की कोशिश की, लेकिन चौकन्ने पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
चोर के थैले से क्या-क्या निकला?
पकड़े गए युवक को तुरंत पुलिस के हवाले किया गया। जब पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से एक बोरे में चोरी का खजाना बरामद हुआ। 9 टोंटियां जो उसने बाथरूम से काटी थीं। टोंटी काटने के लिए एक प्लास और अन्य सामान।उसने टोंटियों के साथ बाथरूम में लगा हैंगर भी उखाड़ लिया था।
बाराबंकी का रहने वाला है टोंटी चोर
पुलिस की पूछताछ में आरोपी की पहचान बाराबंकी जिले के निवासी लवकुश के रूप में हुई है। गोमतीनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह की छोटी-मोटी चोरियों में शामिल रहा है।