Edited By Anil Kapoor,Updated: 19 Mar, 2026 07:33 AM

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। जहां के मगोरा थाना क्षेत्र के अहमल गांव में एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसका छोटा भाई उसकी...
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। जहां के मगोरा थाना क्षेत्र के अहमल गांव में एक बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि उसका छोटा भाई उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता है। पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। आरोपी मेघश्याम सिंह जब काम से घर लौटा, तो उसकी पत्नी दुर्गेश ने उससे छोटे भाई निरंजन (35 वर्ष) की शिकायत की। पत्नी का आरोप था कि निरंजन उस पर बुरी नीयत रखता है। यह सुनते ही मेघश्याम आपे से बाहर हो गया और घर में रखे गंडासे से अपने भाई पर हमला बोल दिया।
गले और कान पर किए कई वार
गुस्से में पागल मेघश्याम ने निरंजन के गले, कान और हाथों पर गंडासे से ताबड़तोड़ वार किए। घाव इतने गहरे थे कि निरंजन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जब मेघश्याम की मां लौंगा देवी अपने छोटे बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
कमरे में ताला लगाकर पत्नी संग फरार
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मेघश्याम ने कमरे में ताला लगाया और अपनी पत्नी दुर्गेश के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों की शादी करीब 8 साल पहले राजस्थान के भरतपुर की दो बहनों से हुई थी। हालांकि, दोनों के बीच रिश्ते पहले से ही खराब थे। मृतक निरंजन शराब पीने का आदी था और उसकी पत्नी पिछले एक साल से अपने मायके में रह रही थी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मगोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी मेघश्याम और उसकी पत्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें फरार दंपत्ति की तलाश में जुटी हैं।