Edited By Pooja Gill,Updated: 26 May, 2025 03:43 PM

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक युवक ने टावर पर चढ़कर जमकर हंगामा किया है। वो चिल्ला-चिल्लाकर अपनी बात कह रहा था और पत्नी पर बेवफाई का आरोप लगा रहा था। उसने कहा कि मेरी पत्नी बेवफा है...
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक युवक ने टावर पर चढ़कर जमकर हंगामा किया है। वो चिल्ला-चिल्लाकर अपनी बात कह रहा था और पत्नी पर बेवफाई का आरोप लगा रहा था। उसने कहा कि मेरी पत्नी बेवफा है। इसी से आहत होकर उसने ये कदम उठाया है। इस बात की जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और युवक को टावर से नीचे उतारने की कोशिश करने लगी।
जानिए पूरा मामला
बता दें कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे, गोला इलाके के एक गांव का रहने वाला युवक चौराहे पर पहुंचा। कुछ देर इधर-उधर टहलने के बाद मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसके बाद चिल्लाते हुए अपनी पत्नी पर बेवफाई का आरोप लगाना शुरू कर दिया। वो पत्नी के प्रेमी को बुलाने की मांग करने लगा। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और उसे टावर से नीचे उतारने की कोशिश करने लगी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम छह घंटे बाद रात आठ बजे उसे समझा कर नीचे उतारा। पुलिस इन पति-पत्नी के झगड़े में उलझी रही।
पति ने लगाए ये भी आरोप
पति ने पुलिस के सामने बताया कि वह पहले मर्चेंट नेवी में काम करता था। बाद में घर आकर मशरूम की खेती करने लगा। उसने पत्नी को नर्सिंग कोर्स कराने के लिए अपनी डेढ़ बीघा भूमि बेच दी। शहर में उसके नाम पर भूमि खरीदी। रूस में नर्सिंग की पढ़ाई करने के लिए पत्नी का पासपोर्ट भी बनवाया। उसने कहा कि पत्नी अभी निजी अस्पताल में काम करती है, वहां पर काम करने वाले एक युवक के साथ उसका अफेयर हो गया और वो उसे छोड़कर चली गई है। कहा कि, उसने पुलिस से भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
जानिए पत्नी क्या बोलीं...
पुलिस ने मामला दर्ज कर पत्नी को बुलाया और उससे पूछताछ की। पत्नी ने भी पति पर कई आरोप लगाए। उसने कहा कि शादी के बाद पति ने जरूर कुछ रुपये पढ़ाई पर खर्च किए हैं, लेकिन उस पर कई सितम भी किए है। उसने कहा कि हमारी शादी को 10 साल से ज्यादा हो गए है, लेकिन कोई बच्चा नहीं है। पति बोलता है कि पहला बच्चा लड़का ही होगा। यही कहकर अब तक 10 बच्चे गर्भ में ही दवा देकर मार दिए हैं। चार साल से अलग रह रही हूं, वहां भी आकर शोषण करते हैं। उसने कहा कि मैं पति की पढ़ाई का खर्च उठा रही हूं। मैंने उसका बीएससी में एडमिशन करवाया है, फीस भरती हूं। लेकिन, वह अपनी आदतों से बाज नहीं आता और कई तरह के आरोप लगाता है। दोनों के बयान सुनने के बाद पुलिस जांच कर रही है।