Edited By Ramkesh,Updated: 24 Feb, 2026 06:35 PM

जिले के देवला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है। तीन बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पत्नी ने इसे हार्ट अटैक बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की,...
ग्रेटर नोएडा: जिले के देवला गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात का खुलासा हुआ है। तीन बच्चों की मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पत्नी ने इसे हार्ट अटैक बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सच्चाई उजागर कर दी। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एक ही फैक्टरी में काम करते थे पति-पत्नी
मृतक की पहचान विजय (33) निवासी बेलोन, नरौरा जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई। वह साइट-सी स्थित एक कूलर फैक्टरी में कार्यरत था, जहां उसकी पत्नी राखी (29) भी काम करती थी। दंपती के तीन बच्चे हैं, जो फिलहाल गांव में रह रहे हैं। विजय करीब 15 दिन पहले पत्नी को बुलंदशहर से देवला गांव स्थित किराये के मकान में लेकर आया था।
‘हार्ट अटैक’ की कहानी पर पुलिस को हुआ शक
सोमवार तड़के पत्नी ने पुलिस को सूचना दी कि विजय की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन शरीर पर मिले निशानों ने संदेह बढ़ा दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि मौत गला दबाने से हुई है।
चार साल से चल रहा था संबंध
जांच में सामने आया कि राखी के गुरदीप (31) निवासी विचपरिया पिसावा, जनपद सीतापुर से पिछले चार वर्षों से संबंध थे। गुरदीप पहले उसी फैक्टरी में काम करता था और बाद में टैक्सी चालक बन गया। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पुलिस के अनुसार राखी पहले भी एक बार घर छोड़कर गुरदीप के साथ करीब एक साल तक रह चुकी थी, लेकिन बाद में परिवार के दबाव में लौट आई थी।
झगड़े के बाद रची गई साजिश
घटना की रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि राखी ने फोन कर गुरदीप को बुलाया और जब विजय सो रहा था, तब दोनों ने मिलकर दुपट्टे से उसका गला दबा दिया। इसके बाद इसे प्राकृतिक मौत दिखाने की कोशिश की गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर दोनों को मोजर बियर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया गया है।शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।