अखिलेश यादव का बड़ा बयान: 'फूलन देवी के साथ जितना अन्याय हुआ, उतना किसी महिला के साथ नहीं हुआ'

Edited By Anil Kapoor,Updated: 13 Apr, 2025 07:00 AM

akhilesh s yadav big statement in honor of phoolan devi

Etawah News: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी की पूर्व सांसद फूलन देवी के प्रति सम्मान और संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि दुनिया के इतिहास में जितनी प्रताड़ना और अन्याय फूलन देवी के साथ हुआ उतना किसी महिला के...

Etawah News: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी की पूर्व सांसद फूलन देवी के प्रति सम्मान और संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि दुनिया के इतिहास में जितनी प्रताड़ना और अन्याय फूलन देवी के साथ हुआ उतना किसी महिला के साथ नहीं हुआ होगा। अखिलेश यादव ने इटावा में बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इटावा-औरैया के क्षेत्र में तमाम साथी पैदा हुए, जो अन्याय के खिलाफ लड़े। उन्होंने कहा कि फूलन देवी का भी इतिहास संघर्षपूर्ण है। दुनिया के इतिहास में जितनी प्रताड़ना और अन्याय फूलन देवी के साथ हुआ उतना किसी महिला के साथ नहीं हुआ होगा।

'फूलन देवी के साथ जितना अन्याय हुआ, उतना किसी महिला के साथ नहीं हुआ'
सपा द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यादव ने शेखर कपूर निर्देशित फिल्म ‘बैंडिट क्वीन' की ओर इशारा करते हुए कहा कि फूलन देवी पर जो फिल्म बनी उसमें अन्त में दिखाया गया कि एक पिछड़ी जाति की सरकार आई, जिसने फूलन देवी के मुकदमें वापस लिए और छुडाया। उन्होंने कहा कि फूलन देवी के साथ जो अपमान हुआ था उसके बदले सम्मान दिलाने के लिए नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और समाजवादी पार्टी ने उनको लोकसभा पहुंचाने का काम किया। सपा प्रमुख ने कहा कि बहुत लोग इतिहास नहीं जानते। जब फूलन देवी ने आत्मसमर्पण किया था तब तय हुआ था कि जो-जो डाकू उस समय आत्मसमर्पण कर रहे हैं उन्हें छोड़ दिया जाएगा। सबको छोड़ दिया गया लेकिन फूलन देवी को नहीं छोड़ा गया था।

'नेताजी ने फूलन देवी को रिहा करावाया और लोकसभा में पहुंचाया'
यादव ने कहा कि उसी शर्त के आधार पर नेताजी मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री बनने के बाद मुकदमें वापस लिए। फूलन देवी को रिहा करावाया और लोकसभा में पहुंचाया। जेल से छूटने के बाद फूलन देवी राजनीति में आ गईं। फूलन देवी पर अपने गिरोह के सदस्यों के साथ 14 फरवरी, 1981 को कानपुर देहात के बेहमई गांव में ठाकुर समुदाय के 20 लोगों की हत्या का आरोप था। वह 1996 और 1999 में समाजवादी पार्टी से मिर्जापुर लोकसभा क्षेत्र से चुनी गईं और 25 जुलाई, 2001 को नई दिल्ली में उनके सरकारी बंगले के बाहर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। यादव ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि इटावा और इस इलाके का इतिहास यह है। आज इतिहास को लोग अलग-अलग तरीके से देख रहे हैं।

'इटावा-औरैया के लोग बहुत क्रांतिकारी है, इनका इतिहास बहुत महत्वपूर्ण रहा'
अखिलेश यादव ने कहा कि इटावा-औरैया के लोग बहुत क्रांतिकारी है। इनका इतिहास बहुत महत्वपूर्ण रहा है। यहां चंबल और बीहड़ बगल में है। कहीं ऐसी बीहड़ नहीं है, जैसा यहां का है। यही नहीं 1857 की आजादी की लड़ाई में यहां के ‘कलेक्टर' एओ ह्यूम क्रांतिकारियों के डर से भाग गए थे। यादव ने दिल्ली में अन्ना हजारे आंदोलन के दौरान बाबा रामदेव के महिला के कपड़े पहनकर भागने का जिक्र किया बिना कहा कि वह (एओ ह्यूम) ऐसे भागे थे जैसे दिल्ली में एक बाबा जी कपड़े पहन कर भागे थे। यह इतिहास के पन्नों में दर्ज है। बाद में उन्होंने कांग्रेस की स्थापना की थी। उन्होंने याद दिलाया कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम को पहली बार इटावा के मतदाताओं ने लोकसभा में पहुंचाने का काम किया था। यादव ने कहा कि नेताजी और समाजवादी पार्टी ने उन्हें (कांशीराम को) जिताने का काम किया था। उन्होंने कहा कि इटावा के चंबल में पहले जहां डाकू थे वहां अब शेर पैदा हो रहे हैं।

'देश की पहली ‘लॉयन सफारी' इटावा में बनाई गई'
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की पहली ‘लॉयन सफारी' इटावा में बनाई गई। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले की चर्चा करते हुए कहा कि गोरखपुर में शेर इटावा से गए है। गोरखपुर में शेर पिजड़े में रखे गए हैं। इटावा लॉयन सफारी' में शेर खुले में घूमते हैं। यादव ने समाज में भेदभाव और छुआछूत का जिक्र करते हुए कहा कि कोई मनु महाराज थे, जो सब गड़बड़ कर गए। तभी से हम लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है। यह तो बाबा साहब का संविधान है, जो सम्मान दिलाता है। उन्होंने कहा कि जो लोग देश को मनु विधान से चलाना चाहते हैं उनसे कहना चाहता हूं कि यह देश सिर्फ बाबा साहब के संविधान से चलेगा। संविधान हमें हक दिलाता है। जो हक मारना चाहते है वही संविधान विरोधी है।

Related Story

Trending Topics

IPL
Lucknow Super Giants

Chennai Super Kings

Teams will be announced at the toss

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!