Edited By Anil Kapoor,Updated: 12 Mar, 2026 10:27 AM

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। रंगदारी ना देने पर एक रेस्टोरेंट मालिक के बेटे को कार की खिड़की में फंसाकर बीच सड़क पर करीब 50 मीटर तक घसीटा गया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के...
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। रंगदारी ना देने पर एक रेस्टोरेंट मालिक के बेटे को कार की खिड़की में फंसाकर बीच सड़क पर करीब 50 मीटर तक घसीटा गया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
'होली की कमाई में मेरा हिस्सा निकालो'
वारदात मंगलवार रात करीब 12:15 बजे की है। बर्रा निवासी रंजीत सिंह का रामगोपाल चौराहे पर कृष्णा स्वीट हाउस एंड रेस्टोरेंट है। रंजीत का बेटा आदर्श रात को रेस्टोरेंट बंद कर बाहर खड़ा था, तभी जरौली निवासी याशू कुमार अपनी एसयूवी कार से वहां पहुंचा। आरोपी ने धमकाते हुए कहा कि होली में बहुत कमाई की है, चलो अब मेरी हिस्सेदारी निकालो। जब आदर्श ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गया। उसने आदर्श की जेब से पैसे निकालने की कोशिश की और इस छीना-झपटी में उसकी सोने की चेन भी टूट गई।
50 मीटर तक मौत का सफर
विरोध करने पर आरोपी याशू ने कार के अंदर से ही आदर्श का कॉलर पकड़ लिया और अचानक गाड़ी दौड़ा दी। आदर्श कार की ड्राइविंग विंडो में फंसा रहा और आरोपी उसे सड़क पर बेरहमी से घसीटता रहा। रेस्टोरेंट के कर्मचारी चिल्लाते हुए कार के पीछे भागे। भीड़ को पीछे आता देख आरोपी आदर्श को लहूलुहान हालत में सड़क पर फेंक कर फरार हो गया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे कार सवार युवक एक इंसान की जान की परवाह किए बिना उसे सड़क पर घसीट रहा है। घायल आदर्श को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका परिवार अभी भी दहशत में है।
पुलिस की कार्रवाई
गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।