Edited By Purnima Singh,Updated: 11 Mar, 2026 01:21 PM

यूपी के मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के एक गांव में उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई जब एक ही लड़की से शादी करने के लिए दो अलग-अलग दूल्हे बरात लेकर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझाने की कोशिश चल ही रही थी कि लड़की की उम्र को लेकर विवाद खड़ा हो...
मुजफ्फरनगर : यूपी के मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के एक गांव में उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई जब एक ही लड़की से शादी करने के लिए दो अलग-अलग दूल्हे बरात लेकर पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझाने की कोशिश चल ही रही थी कि लड़की की उम्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने हस्तक्षेप करते हुए किशोरी को अपने संरक्षण में ले लिया, जिसके बाद दोनों बरातें बिना शादी के ही लौट गईं।
उम्र को लेकर खड़ा हुआ विवाद
बताया गया कि लड़की के परिवार ने करीब छह महीने पहले उसकी शादी बाबरी निवासी एक युवक से तय की थी। शादी से ठीक एक दिन पहले दूल्हे के भाई की मृत्यु हो जाने से कार्यक्रम को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई और दूल्हे पक्ष की ओर से अंतिम सूचना नहीं मिल सकी।
इस बीच दुल्हन के परिजनों ने शादी की तैयारियों को देखते हुए उसी दिन मेरठ जिले के एक अन्य युवक से रिश्ता तय कर दिया और अगले दिन बरात बुला ली। मंगलवार को दोनों पक्षों की बरात गांव पहुंच गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
यह भी पढ़ें: UP में मां ने बेटे को सीने से लगाकर लगाई आग, डेढ़ साल के मासूम की जलकर मौत, खौफनाक मंजर देख कांपा लोगों का कलेजा; चौंका देगी वजह
चाइल्ड हेल्पलाइन ने किया हस्तक्षेप
गांव में हंगामे की सूचना के साथ किसी ने लड़की के नाबालिग होने की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन को दे दी। टीम मौके पर पहुंची और परिजनों से आयु प्रमाणपत्र मांगा, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद किशोरी को जिला अस्पताल के वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन अधिकारियों के अनुसार, लड़की को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया जाएगा और मेडिकल जांच तथा ओसिफिकेशन टेस्ट के जरिए उसकी उम्र तय की जाएगी।
बिना शादी लौट गईं दोनों बरातें
लड़की की उम्र को लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू होते ही दोनों दूल्हों को अपनी-अपनी बरात लेकर वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए बरातियों को शांतिपूर्वक गांव से वापस भेज दिया।
यह भी पढ़ें: कानपुर : नॉनवेज खाते पकड़े गए थे पंडित जी! अब मंदिर की सेवा से हुए निष्कासित, पिता ने कहा- गरिमा सर्वोपरि
परिवार की स्थिति भी बनी चर्चा का विषय
ग्रामीणों के अनुसार, लड़की का पूरा परिवार दिव्यांग है, जिसके कारण शादी की अधिकांश तैयारियां गांव के लोग ही कर रहे थे। अब लड़की की वास्तविक उम्र सामने आने के बाद ही विवाह को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।