Edited By Purnima Singh,Updated: 10 Mar, 2026 05:00 PM

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां हैंडपंप की मरम्मत को लेकर हुए विवाद में एक दलित चौकीदार को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया गया है। गंभीर रूप से झुलसे पीड़ित की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने...
भदोही (राकेश सिंह) : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां हैंडपंप की मरम्मत को लेकर हुए विवाद में एक दलित चौकीदार को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया गया है। गंभीर रूप से झुलसे पीड़ित की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी है।
यह घटना ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के पिपरगांव की है। जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय जैसलाल सरोज अपने घर के हैंडपंप की पाइप ठीक कराने की मांग को लेकर ग्राम प्रधान के घर गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान ग्राम प्रधान के पुत्र कमलेश यादव ने जैसलाल सरोज पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने से वे करीब 80 प्रतिशत तक झुलस गए। स्थानीय लोगों ने कंबल डालकर किसी तरह आग बुझाई और उन्हें तत्काल महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल, ज्ञानपुर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें : UP में पुलिसिंग होगी हाईटेक! पुलिस ढांचे को मिलेगा बूस्ट.... बनेंगे 7 नए थाने, आवासीय टावर, पुलिसकर्मियों के लिए नई सुविधाएं
पुलिस ने जोड़ी हत्या की धारा
मामले में Abhimanyu Manglik ने बताया कि घटना की सूचना प्रधान की ओर से ही पुलिस को दी गई थी। पीड़ित और उसके परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी कमलेश यादव के खिलाफ पहले ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 118(2) और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
जैसलाल सरोज की मौत के बाद अब इस मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही उसे अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें : मदरसा शिक्षा में बदलाव! यूनिवर्सिटी से जुड़ेंगे UP के मदरसे... कराएंगे कामिल और फाजिल की परीक्षाएं, छात्रों को मिलेंगे नौकरी के बड़े अवसर
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिवार को न्याय दिलाने और शासन की ओर से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है और पूरे मामले की जांच सीओ ज्ञानपुर द्वारा की जा रही है। गौरतलब है कि 55 वर्षीय जैसलाल सरोज गांव में चौकीदार के रूप में भी कार्यरत थे। उनकी मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है और गांव में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।