Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Feb, 2026 11:20 AM

Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सेना के एक जवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात थाना सादाबाद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-93 पर एक कोल्ड स्टोरेज के पास हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल......
Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सेना के एक जवान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात थाना सादाबाद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-93 पर एक कोल्ड स्टोरेज के पास हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। शुरुआती जानकारी में हत्या की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कार से जा रहे थे जवान, बाइक सवारों ने रोका
मृतक जवान की पहचान अखिलेश चौधरी के रूप में हुई है, जो आगरा स्थित आर्मी बेस वर्कशॉप में तैनात थे। वह सादाबाद थाना क्षेत्र के समदपुर गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह कार से जा रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। परिजनों का कहना है कि हमलावर पहले से घात लगाए बैठे थे।
टायर में गोली मारकर गाड़ी रुकवाई, फिर दौड़ाकर मारी गोलियां
परिवार के अनुसार, चार बाइक सवार युवकों ने पहले कार के टायर पर गोली मारी, जिससे गाड़ी रुक गई। इसके बाद अखिलेश जान बचाने के लिए कार से उतरकर भागे, लेकिन हमलावरों ने पीछा कर उन्हें गोली मार दी। बताया गया कि पहले उनके पैर में गोली मारी गई, फिर कई गोलियां शरीर में दागी गईं। घटना से साफ लगता है कि हमलावर उन्हें किसी भी हालत में जिंदा नहीं छोड़ना चाहते थे।
कोर्ट से लौटते समय हुआ हमला
परिजनों ने बताया कि अखिलेश किसी मामले में कोर्ट की तारीख पर गए थे और वहीं से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें घेरकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिवार का आरोप है कि पुरानी मारपीट की रंजिश के चलते यह हत्या की गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।