Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Feb, 2026 12:17 PM

Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक गंभीर घटना सामने आई है। जहां दातागंज कोतवाली क्षेत्र में 6 साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में 8 और 14 वर्ष के दो नाबालिग लड़कों को पुलिस ने हिरासत में.....
Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक गंभीर घटना सामने आई है। जहां दातागंज कोतवाली क्षेत्र में 6 साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में 8 और 14 वर्ष के दो नाबालिग लड़कों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना के बाद इलाके में तनाव और चिंता का माहौल है।
खेत की ओर जाते समय बच्ची को बहाने से रोका
परिजनों के अनुसार, बच्ची घर से खेत की तरफ जा रही थी। रास्ते में मोहल्ले के दो लड़कों ने उसे रोक लिया और बहाने से पास बनी एक कोठरी की ओर ले गए। वहीं उसके साथ गलत काम किए जाने का आरोप है।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई घटना
घटना के बाद बच्ची किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। परिवार के लोग तुरंत बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया।
मेडिकल जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू
एसपी सिटी बृजेंद्र द्विवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को मेडिकल जांच व इलाज के लिए भेजा गया। दोनों आरोपियों को उनके अभिभावकों की मौजूदगी में हिरासत में लेकर बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया गया। समिति के आदेश पर उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। बच्ची का उपचार जारी है और परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।