Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Feb, 2026 08:34 AM

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन छात्राओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि तीनों छात्राएं रोज की तरह स्कूल पढ़ने गई थीं, लेकिन...
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन छात्राओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि तीनों छात्राएं रोज की तरह स्कूल पढ़ने गई थीं, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटीं। लापता छात्राएं एक ही गांव की रहने वाली हैं और संत कबीर शंकर दास इंटर कॉलेज, मोहम्मद नगर में पढ़ाई करती हैं। इनमें से दो छात्राएं कक्षा 11 में और एक छात्रा कक्षा 7 में पढ़ती है।
सुबह स्कूल के लिए निकलीं, शाम तक नहीं पहुंचीं घर
परिजनों के अनुसार, छात्राएं सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं। लेकिन जब देर शाम तक वे वापस नहीं लौटीं तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने पहले रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने सोनहा थाने में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी, जांच शुरू
सूचना मिलते ही सीओ रुधौली कुलदीप यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली। परिवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों छात्राओं की गुमशुदगी दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि छात्राएं 4 फरवरी की सुबह स्कूल जाने के लिए निकली थीं। इनमें से दो आपस में सगी बहनें हैं।
सर्विलांस की मदद से तलाश
पुलिस का कहना है कि छात्राओं के बारे में कुछ अहम जानकारी मिली है। उनकी तलाश सर्विलांस और तकनीकी माध्यमों से की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही साक्ष्यों के आधार पर छात्राओं को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
'लव जिहाद' की आशंका पर पुलिस का बयान
गांव में इस घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। 'लव जिहाद' जैसी आशंका के सवाल पर सीओ ने साफ कहा कि प्रारंभिक जांच में ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। हालांकि, यदि जांच में आगे ऐसी कोई बात सामने आती है तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से परिवारों में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।