Edited By Anil Kapoor,Updated: 05 Feb, 2026 03:01 PM

Barabanki News: जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में मशहूर अवसानेश्वर महादेव शिव मंदिर से अज्ञात चोरों ने चांदी के गहने, नकदी और सीसीटीवी उपकरण सहित करीब 25 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी......
Barabanki News: जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में मशहूर अवसानेश्वर महादेव शिव मंदिर से अज्ञात चोरों ने चांदी के गहने, नकदी और सीसीटीवी उपकरण सहित करीब 25 लाख रुपए का सामान चोरी कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय गिरि ने बताया कि चोर 'मंकी कैप' पहने थे और मंगलवार तड़के करीब 3 बजे मंदिर के पीछे के मुख्य गेट का ताला तोड़कर परिसर में घुसे थे।
चोरों ने चांदी की छतरी और दान पेटी लूट ली, CCTV भी ले गए
मिली जानकारी के मुताबिक, गिरी ने बताया कि चोरों ने शिवलिंग के ऊपर लगी चांदी की छतरी, उसके चारों ओर लगी चांदी की परत और अन्य चांदी के गहने चुरा लिए, साथ ही दान पेटी में रखे पैसे भी ले गए। उन्होंने बताया कि पहचान से बचने के लिए चोर सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी अपने साथ ले गए। चोरी का पता बुधवार सुबह तब चला जब पुजारी शिवम गिरि मंदिर पहुंचे और सामान बिखरा हुआ तथा दान पेटी टूटी और खाली पाई। बाद में मंदिर समिति ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी और हैदरगढ़ थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने अपराध शाखा की 3 टीम बनाई, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए जांच जारी
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) रितेश सिंह और एक फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत इकट्ठा किए। सिंह ने कहा कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरी हुए सामान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि मामले को सुलझाने के लिए अपराध शाखा की तीन टीम गठित की गई है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।