6 साल में 3 शादियां, दहेज लेकर छोड़ीं पत्नियां; अब चौथी की तैयारी में था झांसी का ‘लुटेरा दूल्हा’

Edited By Anil Kapoor,Updated: 06 Feb, 2026 07:28 AM

jhansi news 3 marriages in 6 years wives left after taking dowry

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां आमतौर पर सुनने में आने वाली 'लुटेरी दुल्हन' की कहानियों के उलट, एक लुटेरे दूल्हे का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने 6 साल में 3 शादियां कीं और......

Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां आमतौर पर सुनने में आने वाली 'लुटेरी दुल्हन' की कहानियों के उलट, एक लुटेरे दूल्हे का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने 6 साल में 3 शादियां कीं और तीनों पत्नियों से दहेज व जेवर लेकर उन्हें छोड़ दिया। अब तीनों महिलाएं एक साथ न्याय की मांग को लेकर झांसी एसएसपी कार्यालय पहुंची हैं। उनका कहना है कि आरोपी अब चौथी शादी की तैयारी कर रहा है।

कौन है आरोपी युवक?
मामला ललितपुर जिले के लिधोरा गांव निवासी सुनील कुमार से जुड़ा है। बताया गया कि सुनील के पिता रेलवे में गैंगमैन हैं, जबकि सुनील खुद कोई स्थायी काम नहीं करता। इसके बावजूद उसने झांसी और ललितपुर जिलों की तीन अलग-अलग युवतियों से शादी कर ली। आरोप है कि हर शादी में उसने मोटी रकम और जेवर दहेज में लिए और कुछ ही महीनों बाद पत्नी को घर से निकाल दिया।

पहली शादी: 2019 में हुई, 5 लाख और जेवर लेने का आरोप
पहली पत्नी के मुताबिक उसकी शादी साल 2019 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में करीब 5 लाख रुपये और जेवर दिए गए। कुछ महीनों बाद सुनील ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर पत्नी को मायके भेज दिया गया। बाद में तलाक का नोटिस भी भेजा गया। यह मामला फिलहाल कोर्ट में चल रहा है।

दूसरी शादी: 2021 में, पहली शादी छिपाकर रचाई
दूसरी पत्नी का आरोप है कि सुनील ने पहली शादी की बात छिपाकर 2021 में उससे शादी की। इस शादी में करीब 8 लाख रुपये और जेवर दिए गए। कुछ समय बाद मारपीट शुरू हो गई और दहेज में सोने की चेन और बुलेट बाइक की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर उसे भी घर से निकाल दिया गया। इस मामले की शिकायत ललितपुर के जखौरा थाने में दर्ज है।

तीसरी शादी: 2023 में, पत्नी ने बेटी को जन्म दिया
तीसरी शादी 2023 में झांसी के बबीना थाना क्षेत्र में हुई। तीसरी पत्नी ने बताया कि शादी में 8 लाख रुपये और जेवर दिए गए। शादी के बाद वह गर्भवती हुई, लेकिन दहेज को लेकर उत्पीड़न जारी रहा। परेशान होकर वह मायके चली गई, जहां उसने एक बेटी को जन्म दिया। उसे बाद में पता चला कि सुनील की पहले से दो पत्नियां हैं।

तीनों पत्नियां एक साथ पहुंचीं एसएसपी कार्यालय
तीनों महिलाएं एक साथ झांसी एसएसपी कार्यालय पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि वह किसी और लड़की की जिंदगी बर्बाद न कर सके।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बबीना थाना प्रभारी जेपी पाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!