Edited By Ramkesh,Updated: 11 Mar, 2026 08:27 PM

मिर्जापुर के जिला मंडलीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखे शव को चूहों द्वारा कुतरने के मामले में शासन ने जांच के आदेश दिए हैं। इसी क्रम में जांच टीम मिर्जापुर पहुंचकर पूरे प्रकरण की पड़ताल में जुट गई।
मिर्जापुर: मिर्जापुर के जिला मंडलीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखे शव को चूहों द्वारा कुतरने के मामले में शासन ने जांच के आदेश दिए हैं। इसी क्रम में जांच टीम मिर्जापुर पहुंचकर पूरे प्रकरण की पड़ताल में जुट गई।
शासन की ओर से डॉ. आर.बी. कमल, प्राचार्या जौनपुर मेडिकल कॉलेज को टीम के साथ जांच के लिए भेजा गया। टीम ने मंडलीय अस्पताल पहुंचकर मोर्चरी का निरीक्षण किया और पूरे मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ जांच की।
दो शवों के साथ घटना की पुष्टि
जांच के दौरान टीम के सामने यह बात भी सामने आई कि चूहों द्वारा कुतरने का मामला केवल एक शव तक सीमित नहीं था, बल्कि दो शवों के साथ ऐसी घटना हुई थी। टीम ने अस्पताल के कर्मचारियों और संबंधित लोगों के अलग-अलग लिखित बयान भी दर्ज किए।
जांच में सामने आई अनियमितताएं
प्रारंभिक जांच में कई तरह की अनियमितताएं भी सामने आई हैं। जानकारी के अनुसार मृतक के परिजनों से बर्फ मंगाकर शव को मोर्चरी में रखा गया था, जो व्यवस्था में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
कार्रवाई भी शुरू
इस मामले में अब तक तीन संविदा कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि एक डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच टीम अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।