Edited By Ramkesh,Updated: 10 Mar, 2026 07:10 PM

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ी हुई है। इसी बीच झांसी से रसोई गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक की चोरी का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है।
झांसी: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ी हुई है। इसी बीच झांसी से रसोई गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक की चोरी का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। ट्रक में करीब 524 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर लदे थे, जिनकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है। यह घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की है। ट्रक मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्लांट से लोड होकर निकला था ट्रक
ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल के मुताबिक उनका ट्रक नंबर यूपी 93 बीटी 3341 भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के करारी स्थित प्लांट से जुड़ा हुआ है। 2 मार्च को प्लांट से 524 एलपीजी सिलेंडर ट्रक में लोड किए गए थे, जिन्हें कानपुर देहात के गजनेर क्षेत्र में भेजा जाना था।
हाईवे किनारे खाली मिला ट्रक
बताया जा रहा है कि होली के त्योहार के चलते ट्रक चालक राजकुमार वाहन को प्लांट के बाहर खड़ा कर अपने घर चला गया था। इसके बाद 6 मार्च को सूचना मिली कि ट्रक बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीछा के पास हाईवे किनारे खाली हालत में खड़ा है। जब ट्रक मालिक मौके पर पहुंचे तो देखा कि ट्रक से सभी गैस सिलेंडर गायब थे और वाहन का जीपीएस भी तोड़ दिया गया था।
पुलिस जांच में जुटी
इसके बाद ट्रक मालिक ने तुरंत सीपरी बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे के मुताबिक शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने ट्रक को बरामद कर लिया है और चोरी हुए गैस सिलेंडरों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।