Edited By Ramkesh,Updated: 09 Mar, 2026 03:28 PM

जिले के नवाबाद क्षेत्र में एक युवक को अपहृत कर फिरौती मांगने के आरोप में दो किशोर लड़कों समेत चार लोगों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हिरासत में लेकर अगवा युवक को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
झांसी: जिले के नवाबाद क्षेत्र में एक युवक को अपहृत कर फिरौती मांगने के आरोप में दो किशोर लड़कों समेत चार लोगों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हिरासत में लेकर अगवा युवक को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने दर्ज की गई रिपोर्ट के हवाले से सोमवार को बताया कि गत शनिवार की देर रात राज पाठक, अभय कुशवाहा तथा एक अन्य युवक बाइक पर सवार होकर एक समारोह से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बिना नंबर वाली एक लाल कार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया।
उन्होंने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार से अरुण यादव और उसके कुछ साथी निकले और हवा में गोलियां चलाते हुए राज पाठक को अपनी कार में बैठा कर वहां से चले गए। सूत्रों ने बताया कि बाद में अपहरणकर्ताओं ने पाठक के परिजन से उसे छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में अरुण यादव तथा कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपहृत युवक की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने अरुण पर 15 हजार रूपए का इनाम भी घोषित किया था। सूत्रों ने बताया कि आठ-नौ मार्च की दरमियानी रात करीब दो बजे पुलिस एक सूचना के आधार पर पैरामेडिकल रोड पर पहुंची, जहां हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने अगवा किये गये राज पाठक को सकुशल मुक्त करा लिया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी अरुण यादव, उसके साथी हर्ष यादव को गिरफ्तार कर लिया तथा दो किशोरवय लड़कों को भी हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि बदमाशों का एक साथी मौके से भाग गया जिसकी तलाश की जा रही है।