Edited By Anil Kapoor,Updated: 02 Oct, 2025 09:03 AM

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की लखनऊ जेल में बीते मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई। जहां समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति पर जेल के एक कैदी ने हमला कर दिया। इस हमले में गायत्री प्रजापति को चोट आई है, जिन्हें...
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की लखनऊ जेल में बीते मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई। जहां समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति पर जेल के एक कैदी ने हमला कर दिया। इस हमले में गायत्री प्रजापति को चोट आई है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
कैसे हुआ हमला?
घटना तब हुई जब गायत्री प्रजापति और जेल में सफाई का काम कर रहे एक बंदी विश्वास के बीच कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि धक्का-मुक्की शुरू हो गई। तभी आवेश में आकर कैदी ने अलमारी के नीचे लगे लोहे के स्लाइडिंग पटरे से प्रजापति पर वार कर दिया।
अधिकारियों ने क्या कहा?
कारागार रेंज के DIG डॉ. राम धनी ने इस घटना पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि यह हमला कोई पहले से रची गई साजिश नहीं थी, बल्कि दो कैदियों के बीच अचानक हुए विवाद का नतीजा था। गायत्री प्रजापति ने कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, जिससे बंदी ने गुस्से में आकर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि जेल के अधिकारियों ने तुरंत स्थिति को संभाला और प्रजापति को फौरन चिकित्सा सहायता दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
यह घटना जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। एक पूर्व मंत्री पर खुलेआम जेल के अंदर हमला होना, यह दिखाता है कि जेल में कैदियों के बीच तनाव कितना बढ़ चुका है। जेल प्रशासन ने इस घटना के बाद कहा है कि जेल परिसर में निगरानी और सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा। कैदियों के व्यवहार और आपसी संबंधों पर सख्त नजर रखी जाएगी। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है और दोषी बंदी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कौन हैं गायत्री प्रजापति?
गायत्री प्रजापति, समाजवादी पार्टी की सरकार में खनन मंत्री रह चुके हैं। उनके खिलाफ खनन घोटाले और बलात्कार जैसे गंभीर आरोप हैं, जिनके चलते वह लंबे समय से जेल में बंद हैं। उनकी गिनती सपा के कद्दावर नेताओं में होती थी।