Edited By Anil Kapoor,Updated: 05 Mar, 2026 09:35 AM

Barabanki News: बाराबंकी जिले के देवा थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकारिया गांव में बुधवार को होली की खुशियां उस समय काफूर हो गईं, जब रंग खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक हिंसक जंग में तब्दील हो गया। दो गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड...
Barabanki News: बाराबंकी जिले के देवा थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकारिया गांव में बुधवार को होली की खुशियां उस समय काफूर हो गईं, जब रंग खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक हिंसक जंग में तब्दील हो गया। दो गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चलीं, जिसमें महिलाओं समेत कुल 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मामूली कहासुनी और फिर तांडव
घटना बुधवार दोपहर की है। बताया जा रहा है कि होली खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों तरफ से दर्जनों लोग लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर सड़क पर उतर आए। करीब 10 मिनट तक गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए।
घर में घुसकर मारपीट और चाकूबाजी का आरोप
पीड़ित पक्ष के अवधेश नामक युवक ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब घर के पुरुष सदस्य बाहर थे, तब दूसरे पक्ष के लोग जबरन उनके घर में घुस आए और महिलाओं के साथ मारपीट की। अवधेश का दावा है कि बीच-बचाव करने पर चार लोगों ने उसे पकड़ लिया और उस पर चाकू से जानलेवा हमला किया। इस संघर्ष में एक पक्ष के 8 और दूसरे पक्ष के 3 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस की कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
सूचना मिलते ही देवा थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत मेडिकल परीक्षण और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा है। पुलिस के मुताबिक, गांव में फिलहाल शांति है लेकिन एहतियातन निगरानी रखी जा रही है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि दोनों पक्षों की तहरीर (शिकायत) मिल गई है और जांच के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।